सेक्रेड हार्ट स्कूल के छात्रावास में छात्र की मौत से सनसनी, सुसाइड की आशंका

कोडरमा : प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान सेक्रेड हार्ट स्कूल झुमरी तिलैया के छात्रावास (Hostel) में एक छात्र द्वारा कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद स्कूल परिसर और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

 प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र स्कूल के ही हॉस्टल में रहकर अपनी पढ़ाई कर रहा था। घटना का पता तब चला जब छात्र के कमरे में कोई हलचल नहीं हुई। हॉस्टल प्रबंधन और अन्य छात्रों ने जब कमरे में देखा, तो छात्र का शव फंदे से लटका पाया गया। आनन-फानन में इसकी सूचना स्कूल प्रबंधन और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। अभी तक आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, हालांकि पुलिस छात्र के दोस्तों और हॉस्टल स्टाफ से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वह किसी मानसिक दबाव या तनाव में था।

घटना की जानकारी मिलते ही छात्र के परिजन स्कूल पहुंचे। घर के चिराग के अचानक बुझ जाने से परिवार सदमे में है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने स्कूल में छात्रों की सुरक्षा और उनके मानसिक स्वास्थ्य की काउंसलिंग को लेकर चिंता व्यक्त की है। फिलहाल स्कूल प्रबंधन की ओर से इस मामले पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान नहीं आया है। पुलिस रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

रिपोर्टर - गौतम कुमार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.