संबद्धता निरस्त होने पर छात्रों में खुशी की लहर, एबीवीपी ने जताया आभार

कोडरमा : कोडरमा जिले के एकमात्र अंगीभूत महाविद्यालय जगन्नाथ जैन महाविद्यालय, सुमरितिलैया को विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग से अलग कर सर जे.सी. बोस विश्वविद्यालय, गिरिडीह से संबद्ध करने के निर्णय को निरस्त किए जाने की दिशा में पहल होने से छात्र-छात्राओं में खुशी और संतोष का माहौल देखा जा रहा है। लंबे समय से इस मुद्दे को लेकर चल रहे विरोध और मांग के बाद छात्रों ने इसे अपनी एक बड़ी जीत बताया है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं एवं छात्र नेताओं ने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग तथा प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। एबीवीपी पदाधिकारियों ने कहा कि महाविद्यालय को पुनः विनोबा भावे विश्वविद्यालय के अधीन रखने की मांग छात्रों की भावनाओं और शैक्षणिक हितों से जुड़ी हुई थी। इस दिशा में सकारात्मक पहल होने से छात्रों को राहत मिली है।
छात्र संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि इस संघर्ष में जिले के कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शिक्षा प्रेमियों का भी महत्वपूर्ण सहयोग मिला। संगठन ने उन सभी नेताओं और समाजसेवियों को साधुवाद दिया जिन्होंने छात्रों की आवाज को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य किया।
एबीवीपी नेताओं ने कहा कि यह केवल किसी संगठन की नहीं, बल्कि कोडरमा जिले के हजारों छात्र-छात्राओं की सामूहिक लड़ाई थी। सभी के सहयोग और एकजुट प्रयास का ही परिणाम है कि छात्रों की मांग पर गंभीरता से विचार किया गया और सकारात्मक परिणाम सामने आया।
छात्रों ने उम्मीद जताई कि सरकार और शिक्षा विभाग जल्द ही इस संबंध में अंतिम निर्णय लेकर महाविद्यालय की पूर्व व्यवस्था को बहाल करेंगे, जिससे विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

रिपोर्टर : श्रवण कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.