चंदवारा CHC में एंटी वेनम उपलब्ध सांप काटने पर ओझा-गुनी के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचें

चंदवारा (कोडरमा) : वर्षा ऋतु के आगमन के साथ ही क्षेत्र में जहरीले सांपों के निकलने और सर्पदंश की घटनाओं में भारी वृद्धि देखी जा रही है। समय पर उचित इलाज न मिलने के कारण कई बार मरीजों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में 'स्नेक बाइट एंटी वेनम' (सांप काटने की दवा) की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है।

अस्पताल प्रबंधन की अपील

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मयूरी सिंह ने आम जनता से अपील की है कि सांप या किसी भी अन्य विषैले जीव-जंतु के काटने पर समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। लोग अक्सर अंधविश्वास के कारण झाड़-फूँक, तंत्र-मंत्र या ओझा-गुनी के चक्कर में पड़कर कीमती समय बर्बाद कर देते हैं, जिससे मरीज की स्थिति गंभीर हो जाती है। ऐसे मामलों में बिना देरी किए मरीज को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल लेकर आएं, जहां चौबीसों घंटे आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं और जीवन रक्षक दवाएं उपलब्ध हैं।
*ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत
ग्रामीणों के अनुसार, इससे पहले सर्पदंश के मरीजों को प्राथमिक उपचार देने के बाद सीधे सदर अस्पताल कोडरमा या हजारीबाग के अस्पतालों में रेफर कर दिया जाता था। लंबी दूरी तय करने के कारण रास्ते में ही कई मरीजों की जान का जोखिम बढ़ जाता था। अब स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में ही एंटी वेनम की उपलब्धता से स्थानीय लोगों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी और समय पर इलाज मिलने से मरीजों की जान बचाई जा सकेगी।

रिपोर्टर : गौतम कुमार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.