बीआर इंटरनेशनल स्कूल,कोडरमा में ‘युवा प्रबोधन कार्यक्रम’ का सफल आयोजन
कोडरमा : बीआर इंटरनेशनल स्कूल, कोडरमा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के तत्वावधान में ‘युवा प्रबोधन कार्यक्रम’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “विकसित भारत के निर्माण में नागरिक कर्तव्य (Civic Sense) एवं स्वत्व के भाव की भूमिका” रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. शशांक कुलकर्णी, प्रोफेसर, सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड (रांची) रहे। उन्होंने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के कर्तव्य पालन, अनुशासन, स्वदेशी के प्रति सम्मान, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण तथा भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण से ही संभव है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में नागरिक कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें, समाज के प्रति संवेदनशील बनें तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, सकारात्मक सोच और सक्रिय भागीदारी विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है।
कार्यक्रम के दौरान कुटुंब प्रबोधन, समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वत्व का भाव एवं नागरिक कर्तव्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने इन विषयों को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए विद्यार्थियों को इनके व्यावहारिक पालन के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत महाविद्यालय कार्य प्रमुख संजीत कुमार, जिला संपर्क प्रमुख दिलीप सिंह, पुरुषार्थ वर्ग के निदेशक मनोज सिंह, सिटी मैनेजर लेमनस कुमार, संघ के संपर्क टोली सदस्य विकास सेठ, विद्यालय के निदेशक ओ.पी. राय, प्राचार्य रमेश कुमार उपाध्याय एवं उप-प्राचार्य नवल किशोर सहित विद्यालय परिवार के शिक्षकगण एवं अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन केदार साव ने किया। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा सभी ने राष्ट्रहित में अपने नागरिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने अत्यंत सराहनीय बताया।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.