पहली बार निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने खींचा 50 फीट ऊंचा रथ
झुमरीतिलैया (कोडरमा) : कोडरमा जिले के झुमरीतिलैया में सोमवार को अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) के तत्वावधान में पहली बार भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा ऐतिहासिक और श्रद्धामय वातावरण में निकाली गई। सुभाष चौक से आरंभ हुई यह विशाल रथयात्रा स्टेशन रोड, झंडा चौक, महाराणा प्रताप चौक और मौसीबाड़ी होते हुए संकट मोचन मंदिर पहुंची। हजारों श्रद्धालुओं ने 50 फीट ऊंचे भव्य एवं आधुनिक रथ की रस्सी खींचकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
रथयात्रा का शुभारंभ विधायक डॉ. नीरा यादव, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता तथा भाजपा जिलाध्यक्ष अनूप जोशी ने संयुक्त रूप से किया। पूरे मार्ग में हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और "जय जगन्नाथ" के उद्घोष से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह भगवान की आरती उतारी, पुष्पवर्षा की और रथयात्रा का भव्य स्वागत किया।
इस ऐतिहासिक आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि केशवानंद प्रभु के मार्गदर्शन एवं संकल्प से पहली बार कोडरमा में इतनी विशाल और सुव्यवस्थित जगन्नाथ रथयात्रा का आयोजन संभव हो सका। उन्होंने पूरे आयोजन की रूपरेखा तैयार कर इसे सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं वीरभद्र प्रभु ने आयोजन की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं के समन्वय एवं धार्मिक कार्यक्रमों के संचालन में सराहनीय योगदान दिया। दोनों प्रभुओं के समर्पण, सेवा भावना और संगठन क्षमता की श्रद्धालुओं ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
रथयात्रा का आकर्षण 50 फीट ऊंचा अत्याधुनिक रथ रहा, जिसे जापानी सिल्क से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रथ के शीर्ष पर स्थापित सुदर्शन चक्र तथा आगे बने चार घोड़ों की प्रतिकृति श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही।
रथयात्रा की सुरक्षा और व्यवस्था में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तथा विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शुरुआत से लेकर समापन तक अनुशासन और सेवा का अनुकरणीय परिचय दिया। श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और सेवा कार्यों में सभी संगठनों के कार्यकर्ता पूरे समय सक्रिय रहे। मातृशक्ति की सहभागिता भी अत्यंत प्रेरणादायक रही, जिन्होंने भक्ति और सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मनोज राणा, दिलीप सिंह, गौतम जी, शंकर जी, विकास गुप्ता जी, अमित सिंह विश्व हिंदू परिषद के अरविंद सिंह, राजू जी, प्रदीप जी सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे। बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भी पूरे आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शरबत, पेयजल एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई। पहली बार आयोजित इस भव्य जगन्नाथ रथयात्रा ने पूरे कोडरमा जिले को भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक एकता के रंग में रंग दिया तथा यह आयोजन जिले के धार्मिक इतिहास में एक यादगार अध्याय बन गया।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.