चंदवारा के कांको पंचायत स्थित उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय में विद्यालय प्रबंधन समिति का हुआ पुनर्गठन, विनय कुमार शर्मा अध्यक्ष चुने गए
चंदवारा : प्रखंड स्थित कांको पंचायत के उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय कांको में आज विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) का पुनर्गठन संपन्न हुआ। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का चयन किया गया, जिसमें विनय कुमार शर्मा को विद्यालय प्रबंधन समिति का अध्यक्ष और अनु देवी को उपाध्यक्ष के रूप में निर्वाचित किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस बैठक में अभिभावकों और शिक्षकों ने भाग लिया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनय कुमार शर्मा ने समिति के सदस्यों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय के शैक्षणिक विकास और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और अभिभावकों के आपसी सहयोग से वे विद्यालय को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का प्रयास करेंगे।
नवनियुक्त उपाध्यक्ष अनु देवी ने भी अपने संबोधन में विद्यालय के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व अभिभावक मौजूद थे। समिति के गठन के बाद उपस्थित लोगों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और विद्यालय के बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
रिपोर्टर : गौतम कुमार
No Previous Comments found.