वाटर एटीएम की बदहाली पर सूचना अधिकार मंच ने उठाए सवाल

कोडरमा - सूचना अधिकार मंच के सचिव आरके बसंत ने लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाए गए वाटर एटीएम में से एक के खराब होने पर प्रशासन की कार्यशैली और उपेक्षा पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि लाखों रुपये खर्च कर लगाए गए ऐसे वाटर एटीएम का नियमित रखरखाव नहीं होने से आम लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। बसंत ने अधिवक्ता संघ, कोडरमा परिसर में पूर्व में लगाए गए वाटर एटीएम की घेराबंदी को काटकर हटाए जाने पर भी रोष जताया। उन्होंने कहा कि घेराबंदी हटा दिए जाने से वाटर एटीएम असुरक्षित हो गया है और कभी भी क्षतिग्रस्त अथवा खराब हो सकता है। इसका सीधा नुकसान न्यायालय परिसर में आने वाले अधिवक्ताओं,पक्षकारों और आम लोगों को उठाना पड़ेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि अधिवक्ता परिसर में स्थापित वाटर एटीएम के साथ किस मानसिकता के तहत छेड़छाड़ की गई, यह समझ से परे है। उन्होंने इसके लिए अधिवक्ता संघ की तदर्थ समिति को जवाबदेह बताते हुए कहा कि बिना प्रशासन की अनुमति के सार्वजनिक उपयोग की सुविधा से इस प्रकार छेड़छाड़ किया जाना उचित नहीं है।

आरके बसंत ने इस पूरे मामले से उप विकास आयुक्त एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को अवगत कराया है। उन्होंने अधिकारियों से मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए वाटर एटीएम को सुरक्षित कराने, उसकी घेराबंदी पूर्व स्थिति में बहाल करने तथा खराब पड़े वाटर एटीएम की मरम्मत कराकर आम लोगों को शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।

रिपोर्टर - अनिल सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.