जयनगर में जितूउ त्योहार को लेकर बाजारों में बढ़ी रौनक, 200 रुपये किलो बिका झिंगा
कोडरमा : जितूउ त्योहार को लेकर जयनगर और हिरोडीह के बाजारों में शनिवार को खासा उत्साह देखने को मिला। त्योहार को लेकर बाजारों में विभिन्न प्रकार की सब्जियों और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। त्योहार के अवसर पर नौ प्रकार की सब्जियां बनाने की परंपरा है। इसमें झिंगा, कंदा, झुनझुन साग, केला, परम साग, भिंडी और खीरा समेत अन्य सब्जियां प्रमुख रूप से शामिल होती हैं।
त्योहार को लेकर मांग बढ़ने के कारण कई सब्जियों की कीमतों में भी तेजी देखने को मिली। शनिवार को जयनगर बाजार में झिंगा 200 रुपये किलो, खीरा 80 रुपये किलो, कंदा 50 रुपये किलो, केला 50 रुपये किलो, टमाटर 80 रुपये किलो, भिंडी 40 रुपये किलो, झुनझुन साग 150 रुपये किलो और परम साग 80 रुपये किलो की दर से बिका।
वहीं, त्योहार में उपयोग होने वाले मंडुआ आटा की कीमत करीब 300 रुपये प्रति किलो रही। त्योहार को लेकर सुबह से ही बाजारों में खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग जयनगर और हिरोडीह बाजार पहुंचे और परंपरा के अनुसार नौ प्रकार की सब्जियों सहित अन्य आवश्यक सामग्री की खरीदारी की।
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार जितूउ त्योहार को लेकर सब्जियों की मांग सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी बढ़ गई, जिसका असर कीमतों पर भी देखने को मिला। त्योहार को लेकर बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी रही।
रिपोर्टर : अनिल सिंह

No Previous Comments found.