ग्रामीणों ने उठाए सवाल—छापेमारी से पहले बालू माफियाओं को सूचना कैसे मिल जाती है?

कोडरमा :  नवलशाही थाना क्षेत्र के नीमाडीह स्थित केशो नदी घाट से कथित अवैध बालू उठाव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के दो दिन बाद शुक्रवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टरों को जब्त किया। हालांकि, वायरल वीडियो में दर्जनों ट्रैक्टरों से बालू उठाव किए जाने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में पुलिस की कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों के बीच कई सवाल उठ रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि केशो नदी घाट में लंबे समय से अवैध रूप से बालू उठाव किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। वायरल वीडियो में भी कई ट्रैक्टरों से बालू उठाव होता दिखाई देने की बात कही जा रही है। इसके बावजूद पुलिस की ओर से केवल दो ट्रैक्टर जब्त किए जाने से ग्रामीण संतुष्ट नहीं हैं।

ग्रामीणों ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब भी पुलिस अवैध बालू उठाव के खिलाफ छापेमारी के लिए पहुंचती है, उससे पहले ही बालू कारोबारियों को इसकी भनक कैसे लग जाती है? उनका आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले घाट से अधिकांश ट्रैक्टर गायब हो जाते हैं।

ग्रामीणों ने कहा कि वायरल वीडियो के बाद यदि बड़े पैमाने पर अवैध बालू उठाव हुआ है तो उसकी जांच कर इसमें शामिल लोगों की पहचान की जानी चाहिए। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए जिला प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है, ताकि अवैध बालू उठाव के नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

रिपोर्टर : अनिल सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.