चंदवारा में धूमधाम और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ, उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने किया पारण
कोडरमा : लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा सोमवार को उदीयमान (उगते हुए) सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही पूरे प्रखंड में हर्षोल्लास, भव्यता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। 36 घंटे के कठिन निर्जला उपवास के बाद व्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की मंगलकामना की।
सोमवार को भोर की पहली किरण के साथ ही चंदवारा प्रखंड के सभी प्रमुख छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान "कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए..." जैसे पारंपरिक छठ गीतों, शंखनाद और छठी मईया के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। व्रतियों ने सूप में मौसमी फल, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्रियों को सजाकर पूरे विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। पूजा-अर्चना के पश्चात प्रसाद ग्रहण कर व्रतियों ने पारण किया और चार दिवसीय इस महापर्व का समापन किया।
महापर्व को लेकर प्रखंड के सभी छठ घाटों को स्थानीय पूजा कमेटियों और ग्रामीणों के सहयोग से आकर्षक विद्युत सज्जा और फूलों से सजाया गया था, जिससे घाटों की छटा देखते ही बन रही थी।
वहीं, पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर प्रखंड व पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सुमित कुमार मिश्रा, अंचल अधिकारी (सीओ) अशोक भारती और थाना प्रभारी धनेश्वर कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने विभिन्न घाटों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन की सतर्कता और ग्रामीणों के सहयोग से पूरे प्रखंड में छठ महापर्व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
रिपोर्टर : गौतम कुमार

No Previous Comments found.