जय श्रीराम के जयघोष से गुूंजा चंदवारा, विहिप द्वारा भव्य श्रीरामोत्सव का आयोजन
कोडरमा : चंदवारा मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप), चंदवारा इकाई के तत्वावधान में 'श्रीरामोत्सव' बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान पूरा चंदवारा क्षेत्र भगवा ध्वजों से पट गया और वातावरण पूरी तरह राममय नजर आया। मुख्य वक्ता आरएसएस सह विभाग कार्यवाह मनोज राणा जी ने इस बात पर जोर दिया कि भगवान राम केवल एक धार्मिक प्रतीक नहीं हैं,बल्कि वे 'राष्ट्र पुरुष' हैं। उनके अनुसार, रामराज्य की कल्पना केवल तभी साकार हो सकती है जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्तव्यों का पालन उसी निष्ठा से करे जैसे प्रभु श्री राम ने किया था। वक्ता के रूप में विहिप जिला मंत्री प्रदीप सिंह जी ने अपने गीतों और वक्तव्यों के माध्यम से मुख्य रूप से रामत्व,राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक पुनर्जागरण पर जोर दिया है।
धार्मिक अनुष्ठान और महाआरती
कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ की गई। विहिप के पदाधिकारियों ने भगवान राम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। संध्या काल में सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया,जिसमें भारी संख्या में महिला-पुरुष और बच्चों ने हिस्सा लिया।
वक्ताओं ने रखे विचार
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के वक्ताओं ने भगवान श्री राम के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राम का चरित्र समाज को जोड़ने और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवा पीढ़ी से अपनी संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया।
प्रसाद वितरण और सुरक्षा व्यवस्था
कार्यक्रम के समापन पर भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन को शांतिपूर्ण और सफल बनाने के लिए विहिप के कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। बैठक में मुख्य रूप से खंड कार्यवाह गौतम कुमार, जिला सेवा प्रमुख पप्पू बर्नवाल,चंदवारा पश्चिमी मुखिया संतोष कुशवाहा,प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा राणा,प्रकाश ठाकुर,महरू मोदी,राजकुमार बर्नवाल,मुंशी पंडित,अमित कुमार,रंजीत कुमार,महावीर राम,बद्री पंडित,रामचंद्र राम,केशरी देवी,मेघनी देवी,लोकेश्वरी देवी,उषा देवी,शांति देवी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
रिपोर्टर - गौतम कुमार
No Previous Comments found.