मुहर्रम को लेकर कोडरमा पुलिस अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण एवं चंदवारा में मॉक ड्रिल आयोजित
कोडरमा - आगामी मुहर्रम पर्व 2026 को शांतिपूर्ण,सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर कोडरमा पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक,कोडरमा के निर्देश पर जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का लगातार जायजा लिया जा रहा है,वहीं पुलिस बल की तैयारियों को परखने के लिए चंदवारा पुलिस केंद्र में विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन भी किया गया। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा डोमचांच एवं मरकच्चो थाना क्षेत्र के कई संवेदनशील स्थानों तथा जुलूस मार्गों का भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शहीद चौक, बगड़ो, मझला डीह, तेतरीया डीह, मोहगांई सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं संभावित चुनौतियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि मुहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और सभी आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हों।
वहीं दूसरी ओर पुलिस केंद्र,चंदवारा में पुलिस बल की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान जवानों को दंगा नियंत्रण,भीड़ प्रबंधन,आपातकालीन प्रतिक्रिया तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने संबंधी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस कर्मियों ने विभिन्न परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और समन्वय का प्रदर्शन करते हुए अपनी तत्परता एवं दक्षता का परिचय दिया।
अभ्यास के दौरान दंगा नियंत्रण उपकरणों के उपयोग,संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित प्रतिक्रिया,संचार व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण की रणनीतियों का भी प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों ने जवानों को पर्व के दौरान सतर्कता बरतने,अफवाहों पर नजर रखने तथा आमजन के साथ संयमित और संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे,शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का अनुरोध किया गया है। कोडरमा पुलिस का कहना है कि मुहर्रम पर्व के दौरान जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है।
संवाददाता : श्रवण कुमार
No Previous Comments found.