मनन विद्या अकादमी में अभिभावक-शिक्षक बैठक संपन्न
चंदवारा/कोडरमा : शनिवार को तितिरचांच, चंदवारा स्थित मनन विद्या अकादमी में अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य विकास राणा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन, कोडरमा के जिला सचिव संजीव कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस महत्वपूर्ण बैठक में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ लगभग 58 अभिभावकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति, गृहकार्य, अनुशासन, नैतिक शिक्षा और विद्यालय-अभिभावक के बीच बेहतर समन्वय जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि संजीव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब विद्यालय और अभिभावक मिलकर निरंतर प्रयास करें। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन और मोबाइल के सीमित उपयोग पर ध्यान देने का आग्रह किया।
प्रधानाचार्य विकास राणा ने बैठक की महत्ता बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए विद्यालय समय-समय पर ऐसी बैठकें आयोजित करता रहेगा। उन्होंने अभिभावकों से विद्यालय की गतिविधियों में निरंतर सहयोग की अपील की। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण सुझावों को सकारात्मक रूप से स्वीकार किया और सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्टर : गौतम कुमार
No Previous Comments found.