प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक के विरोध में अभाविप का तीन दिवसीय धरना प्रारंभ
कोडरमा - अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), कोडरमा जिला द्वारा छात्रहित के महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर आज से जे. जे. कॉलेज, झुमरी तिलैया परिसर में तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन प्रारंभ किया गया। अभाविप ने कोडरमा जिले के महाविद्यालयों को विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग से अलग कर सर जे.सी.बोस विश्वविद्यालय,गिरिडीह से संबद्ध करने के प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया है। नगर मंत्री सुधांशु यादव ने कहा कि यह निर्णय जिले के हजारों छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक एवं आर्थिक हितों के प्रतिकूल है।
उन्होंने कहा कि कोडरमा से हजारीबाग की दूरी लगभग 55 किलोमीटर है, जबकि गिरिडीह की दूरी लगभग 120 किलोमीटर है। विश्वविद्यालय संबंधी नामांकन, परीक्षा, प्रमाण-पत्र एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए विद्यार्थियों को अनावश्यक रूप से लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे समय, धन और पढ़ाई—तीनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। विशेष रूप से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए यह निर्णय गंभीर कठिनाइयाँ उत्पन्न करेगा। इस विषय को लेकर अभाविप पूर्व में भी ज्ञापन, धरना-प्रदर्शन एवं अन्य लोकतांत्रिक आंदोलनों के माध्यम से अपनी आपत्ति दर्ज करा चुकी है, किंतु अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
उपाध्यक्ष रोशन कुमार ने झारखंड में JPSC सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही प्रश्नपत्र लीक एवं परीक्षा अनियमितताओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएँ लाखों युवाओं के परिश्रम और भविष्य के साथ अन्याय हैं। उन्होंने मांग की कि सभी मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अभाविप ने स्पष्ट किया कि वह विद्यार्थियों के संघर्ष के साथ मजबूती से खड़ी है तथा निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विश्वसनीय परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उच्चस्तरीय समिति को विस्तृत सुझाव भी सौंपेगी। परिषद का मानना है कि परीक्षा प्रणाली में तकनीकी सुरक्षा, जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
इन्हीं मांगों को लेकर आज से जे. जे. कॉलेज, झुमरी तिलैया में तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन प्रारंभ हुआ है। परिषद ने सभी छात्र-छात्राओं एवं युवाओं से इस लोकतांत्रिक आंदोलन में सहभागी बनने का आह्वान किया है। पूर्व प्रदेश कार्यकारणी सदस्य पप्पू कुमार ने कहा कि यदि सरकार छात्रहित के इन मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो अभाविप चरणबद्ध रूप से आंदोलन को और व्यापक करेगी। मौके पर विनीत सिंह ,अंकुश कुमार राज कुमार राज गुरु लक्ष्मी कांत तिवारी अजय कुमार,प्रीतम कुमार आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्टर - श्रवण
No Previous Comments found.