खनिज विकास विनियम संशोधन बिल के विरोध में माले ने पीएम का पुतला फूंका

कोडरमा :  संसद में पारित खनिज खान एवं खनिज विकास विनियम संशोधन अधिनियम 2026 के विरोध में मंगलवार को भाकपा माले जयनगर प्रखंड कमेटी की ओर से प्रतिवाद मार्च निकाला गया। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा पिपचो चौक पर प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया।

प्रतिवाद मार्च पिपचो-डोमचांच रोड स्थित पेट्रोल पंप से शुरू होकर पिपचो चौक पहुंचा। यहां सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा मानसून सत्र में पारित किया गया यह अधिनियम झारखंड के हितों के खिलाफ है। इसके लागू होने से राज्य सरकार, आम नागरिकों, छात्रों, नौजवानों, किसानों और महिलाओं को नुकसान उठाना पड़ेगा।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ऐसे फैसले ले रही है, जिससे झारखंड की कल्याणकारी योजनाएं प्रभावित होंगी और राज्य का विकास बाधित होगा। उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है, बावजूद इसके केंद्र की उपेक्षा के कारण राज्य आज भी विकास की अपेक्षित गति हासिल नहीं कर पाया है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाकपा माले के प्रखंड सचिव मुन्ना यादव ने की, जबकि संचालन असगर अंसारी ने किया। मौके पर जिला सचिव मोहम्मद इब्राहिम, चांद अख्तर, सुरेंद्र सिंह, बहादुर यादव, विनोद कुमार दास, जहीर अंसारी, खुर्शीद अंसारी, सिकंदर अंसारी, शंभूनाथ वर्मा, टेकलाल पासवान, मुजाहिद अंसारी, महबूब अंसारी, एजाज खान, फिरोज अंसारी, सुरेश यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

 रिपोर्टर : अनिल सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.