बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी, सतगावां में धूमधाम से मना रक्षाबंधन

कोडरमा - सतगावां प्रखंड में भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया जिसमें बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुखी और लंबे जीवन की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों की रक्षा और हर सुख-दुख में साथ देने का वचन दिया। रक्षाबंधन को लेकर सुबह से ही घरों में उत्साह का माहौल रहा। बहनों ने सज-संवरकर पूजा की थाली तैयार की। इसके बाद भाइयों को तिलक लगाया, आरती उतारी और उनकी कलाई पर राखी बांधी। राखी बांधने के बाद बहनों ने भाइयों का मुंह मीठा कराया। भाइयों ने भी बहनों को उपहार, कपड़े और नगदी देकर अपना स्नेह जताया। रक्षाबंधन के मौके पर दूर-दराज के क्षेत्रों में ब्याही गई महिलाएं भी अपने मायके पहुंचीं। लंबे समय बाद भाई-बहनों के मिलन से घरों में खुशियां लौट आईं। कई घरों में सुबह से ही रिश्तेदारों के आने-जाने का सिलसिला शुरू हो गया था। पर्व को लेकर घरों में तरह-तरह के पकवान भी बनाए गए। बहनों ने भाइयों के लिए विशेष तैयारियां कीं तो भाइयों ने भी अपनी बहनों को खुश करने के लिए उपहारों की खरीदारी की। रक्षाबंधन को लेकर छोटे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। छोटी बहनें अपने भाइयों की कलाई पर सुंदर और आकर्षक राखियां बांधने के लिए उत्साहित नजर आईं। राखी बांधने के बाद भाई-बहनों ने साथ में मिठाइयां खाईं और परिवार के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। रक्षाबंधन के चलते सतगावां प्रखंड  के बिभिन्न गांवों में दिनभर उत्सव जैसा माहौल रहा। कोई बहन अपने भाई के घर पहुंची तो कई भाई अपनी बहनों के घर राखी बंधवाने पहुंचे। इसके चलते सड़कों पर भी दिनभर आवाजाही बनी रही और देर शाम तक लोगों का एक-दूसरे के घर आने-जाने का सिलसिला जारी रहा।

रिपोर्टर - अमित सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.