चंदवारा में बिजली संकट पर विधायक सख्त, ट्रांसफार्मर बदलने के निर्देश

चंदवारा (कोडरमा) : प्रखंड चंदवारा के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में पिछले कई दिनों से जारी बिजली संकट और ट्रांसफार्मरों के जलने की समस्या को लेकर बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने कड़ा रुख अपनाया है। ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु विधायक ने सांसद प्रतिनिधि बंटी मोदी के साथ कोडरमा स्थित विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता (SE) से मुलाकात की और क्षेत्र की चरमराई बिजली व्यवस्था को अविलंब दुरुस्त करने की मांग की।

मुलाकात के दौरान विधायक ने कोटवारडीह, पूर्णाथाम और जोंगी-नावाडीह (फुटानी चौक) सहित अन्य क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं को प्रमुखता से रखा उन्होंने कोटवारडीह में 25 KVA का ट्रांसफार्मर जलने तथा 100 KVA का ट्रांसफार्मर खराब होने से लगभग 70–75 उपभोक्ता प्रभावित हैं। विधायक ने दोनों खराब ट्रांसफार्मरों को हटाकर तुरंत नया 100 KVA का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की।पूर्णाथाम में 63 KVA ट्रांसफार्मर जलने से उत्पन्न संकट पर चर्चा करते हुए नई डीपी लगाने अथवा क्षमता बढ़ाकर 200 KVA का ट्रांसफार्मर लगाने को कहा, ताकि लो-वोल्टेज और बार-बार फ्यूज उड़ने की समस्या हल हो सके। जोंगी-नावाडीह (फुटानी चौक) में अत्यधिक लोड की समस्या को देखते हुए 100 KVA ट्रांसफार्मर को वहां स्थानांतरित कर चालू करने का सुझाव दिया।
विधायक मनोज कुमार यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ग्रामीणों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधीक्षण अभियंता ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द नए ट्रांसफार्मर अधिष्ठापित करने और तकनीकी कमियों को दूर कर आपूर्ति सामान्य करने का आश्वासन दिया।

रिपोर्टर : गौतम कुमार 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.