गलियों में खुले नलों से बह रहा पानी, जलजमाव से लोग परेशान; जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों ने की पानी न बहाने की अपील

चंदवारा (कोडरमा) : प्रखंड अंतर्गत चंदवारा पूर्वी एवं चंदवारा पश्चिमी पंचायत की गलियों में घरों के नलों को खुला छोड़ने के कारण जलजमाव और गंदगी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। सड़कों पर लगातार बह रहे पानी और कीचड़ के कारण आम ग्रामीणों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

विशेष रूप से चंदवारा पश्चिमी पंचायत के दोनों मोहल्लों तथा महूंगाई गली में स्थिति अधिक विकट है। यहां सड़क पर पानी का तेज बहाव और अत्यधिक जलजमाव होने से फिसलन बढ़ गई है, जिसके चलते कई पैदल राहगीर, साइकिल और मोटरसाइकिल सवार अनियंत्रित होकर गिर चुके हैं।समस्या की गंभीरता को देखते हुए जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों के एक संयुक्त दल ने दोनों पंचायतों की प्रभावित गलियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दल ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर अपील की कि वे अपने घरों और नलों का पानी सड़कों पर न बहने दें। साथ ही, पेयजल आपूर्ति (सप्लाई वाटर) के उपयोग के बाद नलों को अनिवार्य रूप से बंद रखने और लीकेज को तुरंत दुरुस्त कराने में सहयोग करने का आग्रह किया गया।
भ्रमण के दौरान प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाना और गाँव को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उसके साथ ही पश्चिमी मुखिया ने कहा कि प्रत्येक रविवार 6:00 बजे शिव मंदिर के पास  हम सब इकट्ठा होंगे तथा गांव और दोनों गली का भ्रमण किया जाएगा और लोगों से अपील किया जाएगा की रोड में पानी ना बहाए। ग्रामीणों के सहयोग के बिना स्वच्छता मिशन को धरातल पर उतारना संभव नहीं है।इस निरीक्षण व जागरूकता अभियान में मुख्य रूप से चंदवारा पश्चिमी पंचायत के मुखिया संतोष कुमार कुशवाहा, पूर्वी पंचायत के समाजसेवी शंकर कुमार, सूरज प्रजापति, विनोद साव, सुरेंद्र रविदास, रंजीत पंडित, विनय राणा, टिंकू पंडित, कैलाश यादव,मुन्ना शर्मा महेश मोदी सहित कई स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

रिपोर्टर: गौतम कुमार 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.