एसपी ने चंदवारा प्रखंड के विभिन्न पूजा पंडालों का किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था के दिए कड़े निर्देश

चंदवारा/(कोडरमा) : शारदीय नवरात्रि एवं आगामी दुर्गा पूजा के पावन पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने चंदवारा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विधि-व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और यातायात प्रबंधन का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में एसपी ने प्रखंड के प्रमुख पूजा पंडालों का दौरा कर पूजा के समितियों,पदाधिकारियों और सदस्यों से बातचीत की। उन्होंने पंडाल निर्माण की स्थिति, प्रवेश और निकास द्वारों की चौड़ाई, अग्निशमन के उपाय और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की समीक्षा की।सभी प्रमुख पूजा पंडालों में पर्याप्त संख्या में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने और चौबीसों घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए। अग्निशामक यंत्र (Fire Extinguishers) और आपातकालीन जल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूजा समिति के प्रशिक्षित स्वयंसेवकों को पहचान पत्र के साथ तैनात करने के निर्देश दिए गए।एसपी ने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों और सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर साइबर सेल की पैनी नजर रहेगी। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पूजा के दौरान मुख्य मार्गों पर जाम की समस्या न हो, इसके लिए वाहनों की पार्किंग व्यवस्था पंडाल से सुरक्षित दूरी पर कराने का निर्देश स्थानीय थाना प्रभारी को दिया गया।
एसपी ने स्थानीय पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लगातार गश्त बढ़ाएं और पूजा समितियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर रखें। साथ ही उन्होंने आम जनता और पूजा समितियों से प्रशासन का सहयोग करने और शांति व भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
इस मौके पर चंदवारा थाना प्रभारी प्रेम कुमार,कामाख्या सिंह, सांसद प्रतिनिधि प्रवीण कुमार उर्फ बंटी मोदी,मंडल उपाध्यक्ष आनंद मोदी,मंडल कोषाध्यक्ष विनोद कुमार बर्नवाल,संजय मोदी,संतोष मोदी,पवन मोदी,अनिल मोदी,मुन्ना बर्नवाल,राजेश बर्नवाल सहित कई पुलिसकर्मी एवं स्थानीय पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित थे।

रिपोर्टर : गौतम कुमार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.