नाबालिग से यौन शोषण के गंभीर आरोप में कोडरमा के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार गिरफ्तार
कोडरमा : कोडरमा के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार को एक नाबालिग किशोरी के साथ कथित यौन शोषण के गंभीर मामले में पुलिस ने शनिवार देर रात गिरफ्तार किया। मामले में पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चिकित्सक को हिरासत में लिया। घटना से स्वास्थ्य महकमे में हलचल मच गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता हजारीबाग जिले की रहने वाली बताई जा रही है। वह इलाज के सिलसिले में सिविल सर्जन के संपर्क में आई थी। आरोप है कि इसी दौरान चिकित्सक ने उसके साथ झांसा देकर लगातार यौन शोषण किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
बताया जा रहा है कि इस संबंध में कोडरमा महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके अलावा बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) में भी पीड़िता का बयान दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
गंभीर आरोपों के बीच पुलिस ने शनिवार देर रात आरोपी चिकित्सक को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, पीड़िता की ओर से लगाए गए आरोपों का विस्तृत ब्योरा और मामले से संबंधित अन्य जानकारियां अभी सामने आनी बाकी हैं।
जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई
मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग में चर्चा तेज है। पुलिस की जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया के बाद ही पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल, मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण संवेदनशील बना हुआ है।
रिपोर्टर : अमित सिंह

No Previous Comments found.