साईं जागृति क्लब के सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चियों ने बिखेरा जलवा, राजस्थानी नृत्य ने मोहा सबका मन

चंदवारा - कोडरमा प्रखंड क्षेत्र के भोंडो में साईं जागृति क्लब के तत्वावधान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया, जिसमें सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, भोंडो (बगिया) की छात्राओं की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में सुसज्जित होकर लोकप्रिय राजस्थानी गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चियों के सधे हुए कदमों, भाव-भंगिमाओं और ऊर्जावान प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और लोगों ने मुक्तकंठ से बच्चों की प्रतिभा की सराहना की। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छुपी प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच प्रदान करना और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को क्लब की ओर से पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। मौके पर विद्यालय के शिक्षक अशोक सिंह,टिंकू रजक, घनश्याम दास,पार्वती कुमारी,स्वेता कुमारी, पेमीया कुमारी,बच्चों में मुस्कान कुमारी,सोनी कुमारी,लक्ष्मी कुमारी,स्नेहा कुमारी,संगीता कुमारी,प्रियांशु कुमारी,मनीषा कुमारी, प्रिया कुमारी सहित क्लब के पदाधिकारी, सदस्य, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : गौतम कुमार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.