जिले में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस की सख्त कार्रवाई तिलैया थाना क्षेत्र से 40 लीटर महुआ शराब जब्त, तस्कर फरार
कोडरमा : जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ कोडरमा पुलिस द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में तिलैया थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब जब्त की है, हालांकि तस्कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक श्री अनुदीप सिंह, भा०पु०से०, कोडरमा के निर्देशानुसार आज प्रातः तिलैया थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि महेश सिंह, साकिन खरेडवा (थाना तिलैया, जिला कोडरमा) अपने हीरो होंडा मोटरसाइकिल संख्या JH12R 0749 पर अवैध महुआ शराब लेकर तिलैया बस्ती होते हुए भादोडीह, रामनगर, गैस गोदाम गली के रास्ते तिलैया डैम की ओर जा रहा है।
सूचना के सत्यापन एवं त्वरित कार्रवाई हेतु पु०नि०-सह-थाना प्रभारी तिलैया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा गैस गोदाम गली में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक कुछ दूरी पर बाइक खड़ी कर फरार हो गया। पुलिस द्वारा पीछा किया गया, किंतु वह भागने में सफल रहा।
इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल की तलाशी ली, जिसमें बाइक पर बंधे दो बड़े प्लास्टिक थैलों के अंदर रखे दो प्लास्टिक जरीकैन से कुल 40 लीटर अवैध देशी महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब एवं मोटरसाइकिल को विधिवत जप्त कर तिलैया थाना लाया।
इस संबंध में तिलैया थाना कांड संख्या 39/26, दिनांक 10.02.2026 के तहत धारा 272/274/275/3(5) बीएनएस एवं धारा 47 (ए)(एफ) उत्पाद अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा। इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।
बरामद / जप्ती सामग्री :
हीरो होंडा मोटरसाइकिल संख्या JH12R 0749
अवैध देशी महुआ शराब – 40 लीटर
छापामारी दल में शामिल :
श्री विनय कुमार, पु०नि०-सह-थाना प्रभारी, तिलैया थाना
पु०अ०नि० सच्चिदानंद सिंह, तिलैया थाना
सशस्त्र बल, तिलैया थाना
रिपोर्टर : कौशल पांडेय


No Previous Comments found.