डीएफओ की जुबान बेलगाम, अधीनस्थ कर्मचारियों को गाली देकर रौब दिखाने का आरोप

कोरिया - जिला कोरिया के वनमण्डल कार्यालय बैकुंठपुर से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां पद की मर्यादा को ताक पर रखकर वरिष्ठ अधिकारी द्वारा अधीनस्थ कर्मचारियों से अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने के आरोप लग रहे हैं। मामला सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।

सूत्रों के अनुसार, कोरिया जिले के वनमण्डल में पदस्थ वनमंडलाधिकारी (DFO) चंद्रशेखर सिंह परदेशी  द्वारा अपने अधिनस्थ कर्मचारी को खुले तौर पर गाली देकर अपमानित किया गया।

बताया जा रहा है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व भी उसी कार्यालय में पदस्थ एक महिला कर्मचारी के साथ बदतमीजी और गाली-गलौज किए जाने की शिकायत सामने आई थी, जिसे कथित तौर पर दबा दिया गया। सूत्रों का दावा है कि पीड़ित कर्मचारियों पर चुप रहने का दबाव बनाया गया, ताकि मामला सार्वजनिक न हो सके।

वन विभाग जैसे अनुशासित और संवेदनशील विभाग में इस तरह का व्यवहार न केवल प्रशासनिक गरिमा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि कर्मचारियों के मानसिक उत्पीड़न की ओर भी इशारा करता है। अधीनस्थ कर्मचारियों का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारी के इस रवैये से कार्यस्थल का माहौल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ है।

अब सवाल यह उठता है कि क्या विभागीय उच्च अधिकारी इस पूरे मामले का संज्ञान लेंगे या फिर पहले की तरह इस बार भी मामला दबकर रह जाएगा। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह न सिर्फ प्रशासनिक लापरवाही बल्कि महिला सम्मान और कर्मचारी अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय बन सकता है।

फिलहाल, संबंधित अधिकारी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

संवाददाता - हफीज़ अहमद 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.