महाशिवरात्रि पर आयोजित श्री रुद्र महायज्ञ एवं अखण्ड हरिनाम संकीर्तन की तैयारियों का लिया गया जायजा
चिरमिरी : महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर श्री श्री जगन्नाथ मंदिर, चिताझोर पोड़ी, चिरमिरी क्षेत्र में आयोजित होने वाले भव्य धार्मिक आयोजन श्री श्री रुद्र महायज्ञ एवं 24 प्रहर अखण्ड श्री हरि नाम संकीर्तन को लेकर प्रशासनिक तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। यह आयोजन दिनांक 14 फरवरी 2026 से 18 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
इसी क्रम में जिले के कलेक्टर डी. राहुल बैंकट एवं पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने श्री श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का विस्तारपूर्वक जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यज्ञ मंडप, अखण्ड हरिनाम संकीर्तन स्थल, श्रद्धालुओं के प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा घेरा, साफ-सफाई, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
आयोजन समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अंकुरार्पण एवं अधिवास कार्यक्रम दिनांक 14 फरवरी 2026 (शनिवार, सायं) को संपन्न होगा, वहीं अखण्ड हरिनाम संकीर्तन का शुभारंभ दिनांक 15 फरवरी 2026 से 18 फरवरी 2026 (प्रातः) तक किया जाएगा।
इसके साथ ही दिनांक 16 फरवरी 2026, सोमवार को सायं 4 बजे विशेष कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है।
उल्लेखनीय है कि इस भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन में राज्य के मुख्यमंत्री माननीय विष्णु देव साय जी के मुख्य अतिथि के रूप में आगमन की संभावना है। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, वीआईपी मूवमेंट, साफ-सफाई एवं आपातकालीन सेवाओं को लेकर विशेष तैयारियाँ की जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डी. राहुल बैंकट ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने आयोजन समिति से लगातार संपर्क में रहते हुए व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
वहीं पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी एवं यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए।
इस आयोजन में कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति भी प्रस्तावित है, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और अधिक बढ़ेगी। श्री श्री जगन्नाथ सेवा संघ, चिताझोर पोड़ी, चिरमिरी क्षेत्र द्वारा श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की गई है।
प्रशासन एवं मंदिर समिति के संयुक्त प्रयास से महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित यह श्री रुद्र महायज्ञ एवं 24 प्रहर अखण्ड श्री हरिनाम संकीर्तन श्रद्धा, भक्ति और सुव्यवस्था के साथ संपन्न कराने की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
रिपोर्टर : मुख़्तार कुरैशी

No Previous Comments found.