हल्दीबाड़ी यातायात चौक में दो ट्रक एवं पिकअप में भिड़ंत, तीन लोगों के घायल होने की सूचना

कोरिया - चिरमिरी नगर के सबसे व्यस्त हल्दीबाड़ी यातायात चौक में सोमवार को दो ट्रक एवं एक पिकअप के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार,इस सड़क दुर्घटना में तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। सूचना मिलते ही चिरमिरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद यातायात पूरी तरह बाधित हो गया,जिससे लंबा जाम लग गया। पुलिस द्वारा दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाने का काम कराया जा रहा है। गौरतलब है कि हल्दीबाड़ी चिरमिरी नगर का सबसे व्यस्त बाजार क्षेत्र है। सड़क के दोनों ओर दुकानों के सटे होने के कारण यहां सड़क काफी संकीर्ण है,जिससे भारी वाहनों के आवागमन के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने इस क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क चौड़ीकरण की मांग भी उठाई है। फिलहाल पुलिस घायल लोगों की पहचान और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जानकारी पुलिस जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।

रिपोर्टर - मुस्ताक कुरैशी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.