कोरिया में मॉडिफाइड साइलेंसर वाली 4 बुलेट समेत कुल 30 प्रकरणों में 48,100 रुपये का जुर्माना वसूला

कोरिया - जिले में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से 05 अक्टूबर 2026 की रात्रि को कोरिया पुलिस द्वारा जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अचानक सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह संयुक्त अभियान थाना कोतवाली बैकुंठपुर, पुलिस चौकी बचरा पोंड़ी, थाना पटना, थाना चरचा, थाना सोनहत तथा जिला यातायात पुलिस बल द्वारा एक साथ संचालित किया गया, जिसके तहत मोटर वाहन अधिनियम (एम.वी. एक्ट) के विभिन्न नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 30 प्रकरणों में 48,100 रुपये का शमन शुल्क वसूल कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान थाना बैकुंठपुर पुलिस ने सड़कों पर तेज आवाज निकालने और पटाखे जैसी ध्वनि पैदा करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे 04 बुलेट वाहनों को जब्त किया तथा प्रत्येक बुलेट चालक पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाते हुए सख्त संदेश दिया। इसी क्रम में यातायात पुलिस कोरिया द्वारा कुल 20 प्रकरणों में 25,200 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया और 14 प्रकरणों में ई-चालान की कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस की इस कार्रवाई में बिना फिटनेस, बिना ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने वाले एक ऑटो चालक पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही परमिट शर्तों का उल्लंघन कर मालवाहक वाहन में खतरनाक तरीके से सवारी ढोने वाले 2 पिकअप वाहनों से 14,000 रुपये, बिना नंबर प्लेट के चल रहे 4 वाहनों से 1,200 रुपये, बिना हेलमेट और तीन सवारी चलने वालों से 1,500 रुपये, नो-पार्किंग में खड़े वाहन से 300 रुपये तथा अन्य नियमों की अनदेखी पर 2,700 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
इसके अतिरिक्त थाना पटना अंतर्गत 14 प्रकरणों में 6,700 रुपये, थाना सोनहत अंतर्गत 3 प्रकरणों में 900 रुपये तथा थाना चरचा में 1 पिकअप चालक से 500 रुपये का शमन शुल्क काटा गया। पुलिस चौकी बचरा पोंड़ी द्वारा सीट बेल्ट न लगाने पर पिकअप चालक के विरुद्ध धारा 194(बी) के तहत 1,000 रुपये और सार्वजनिक मार्ग पर आवागमन बाधित करने वाली पार्किंग पर धारा 122/177 के तहत 500 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाकर दूसरों का जीवन खतरे में डालने वाले चालकों की भी विशेष जांच कर उनके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में वैधानिक प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
कोरिया पुलिस की आम नागरिकों से अपील:
कोरिया पुलिस समस्त नागरिकों और वाहन चालकों से अपील करती है कि यदि किसी भी वाहन में मॉडिफाइड या तेज आवाज वाला साइलेंसर लगा है, तो उसे तत्काल हटाकर कंपनी का मानक साइलेंसर लगवाएं। चेकिंग के दौरान पकड़े जाने पर वाहन जब्ती, भारी जुर्माना और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी नागरिक दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करें और यातायात नियमों का निष्ठापूर्वक पालन कर एक जिम्मेदार नागरिक का परिचय दें।

रिपोर्टर - मुस्ताक कुरैशी 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.