कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं की गंभीर तैयारी के लिए यह देश की सबसे विश्वसनीय मंज़िल है
कोटा : सपनों की सच्ची सरज़मीं, भरोसे की नई इबारत -डॉ.नयन प्रकाश गांधी,पब्लिक पॉलिसी एक्सपर्ट,इंटरनेशनल एनएलपी लाइफ करियर कोच परिणाम की परंपरा,संवेदनशील देखभाल और विश्वस्तरीय माहौल के साथ फिर चमकता कोटा
"कोटा ने वर्षों से यह सिद्ध किया है कि कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं की गंभीर तैयारी के लिए यह देश की सबसे विश्वसनीय मंज़िल है। यहाँ सुव्यवस्थित शैक्षणिक ढांचा, अनुशासित अध्ययन वातावरण और छात्र हितैषी पहलों के कारण बड़ी संख्या में चयन और शीर्ष रैंक सामने आते हैं। प्रशासन, शिक्षण संस्थानों और होस्टल प्रबंधन के संयुक्त प्रयासों से छात्र आत्महत्या की घटनाओं में कमी आई है, जो कोटा के संवेदनशील और जिम्मेदार स्वरूप को दर्शाती है"
जब कोई माँ अपने बेटे का बैग ठीक करती है और पिता स्टेशन पर हाथ थामकर कहता है, “मन लगाकर पढ़ना”, तब उस सपने की अगली मंज़िल अक्सर कोटा होती है। यह शहर केवल कोचिंग का केंद्र नहीं, लाखों परिवारों की उम्मीदों का भरोसेमंद ठिकाना है। यहाँ आने वाला हर छात्र सिर्फ एक रोल नंबर नहीं होता, वह किसी घर की आशा, किसी पिता का विश्वास और किसी माँ की दुआ लेकर आता है। यही कारण है कि कोटा का नाम सुनते ही मन में एक भरोसा जगता है,अगर गंभीर तैयारी करनी है, तो इससे बेहतर जगह शायद ही कोई और हो।दिल्ली की भागदौड़, जयपुर की व्यस्तता या इंदौर की फैलती रफ्तार के बीच कोटा ने अपनी अलग पहचान बनाई है। यहाँ की हवा अपेक्षाकृत स्वच्छ, पानी की गुणवत्ता बेहतर और जीवन की गति पढ़ाई के अनुकूल है। शहर की संरचना ही ऐसी है कि छात्र को अनावश्यक शोर और आकर्षण से दूर एक केंद्रित वातावरण मिल सके। यही संतुलन कोटा को अलग बनाता है।
शिक्षा नगरी की परिपक्व होती विरासत
पिछले दो दशकों में कोटा ने संगठित तैयारी की ऐसी परंपरा विकसित की है, जिसने इसे राष्ट्रीय स्तर पर एक मानक बनाया है। यहाँ पढ़ाई केवल पाठ्यक्रम पूरा करने का नाम नहीं, बल्कि एक सुविचारित प्रक्रिया है। नियमित मूल्यांकन, विस्तृत विश्लेषण, अवधारणाओं की गहराई और निरंतर अभ्यास ,ये सब मिलकर एक मजबूत शैक्षणिक ढांचा तैयार करते हैं। राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में कोटा से तैयार विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि यहाँ की अकादमिक प्रणाली परिणाम देने में सक्षम है। यही कारण है कि हर वर्ष देश के दूर-दराज़ इलाकों से छात्र यहाँ आते हैं और अपनी तैयारी को एक नई दिशा देते हैं।
माहौल जो प्रेरित करता है
कोटा की सबसे बड़ी शक्ति उसका वातावरण है। शहर के कई इलाकों में सुबह से रात तक पढ़ाई का अनुशासित क्रम दिखाई देता है। पुस्तकालयों में एकाग्रचित होकर शांत माहौल में कोचिंग के बाद आकर सेल्फ
स्टडी ,रिवीजन ,हॉस्टल कम्युनिटी हाल में सामूहिक चर्चा में प्रॉब्लम सॉल्विंग और वीकली ,मंथली ,त्रैमासिक टेस्ट से स्व मूल्यांकन एवं टेस्ट के बाद आत्मविश्लेषण,डाउट सॉल्विंग, नियमित रूप से व्यक्तिगत मानसिक तनाव ,एक्जाम स्ट्रेस आदि पर व्यक्तिगत काउंसलिंग ,मेंटरिंग ,आवश्यकता पड़ने पर हॉस्टल वार्डन,मालिकों द्वारा बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण ,नेत्र जांच आदि की बेहतरीन व्यवस्था यह सब मिलकर एक ऐसी संस्कृति बनाते हैं, जो छात्र को लगातार बेहतर बनने के लिए प्रेरित करती है,उसे एक स्वस्थ ,मजबूत ,अनुशासन से परिपूर्ण छात्र बनाती है ।यहाँ प्रतिस्पर्धा है, पर कटुता नहीं,मन में मलीनता नहीं। छात्र एक-दूसरे से सीखते हैं, नोट्स साझा करते हैं और कठिन विषयों पर साथ बैठकर चर्चा करते हैं।यही सामूहिकता उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाती है।
होस्टल संस्कृति पुरातन गुरु शिष्य परम्परा निर्वहन: घर जैसा सहारा
घर से दूर रहना किसी भी छात्र के लिए आसान नहीं होता। कोटा ने इस चुनौती को समझा है। यहाँ की होस्टल व्यवस्था समय के साथ अधिक जिम्मेदार और संवेदनशील हुई है। स्वच्छ वातावरण, संतुलित भोजन, सुरक्षा व्यवस्था और नियमित संवाद ,इन सबने अभिभावकों का विश्वास मजबूत किया है, समय समय पर अधिकतर सभी कोचिंग संस्थानों के फेलक्टीज ही नहीं संस्थान प्रमुख बीएम सर,एन.वी सर,आरएम सर अलगटर बच्चों के हॉस्टल में जाकर उनके साथ खाना साझा करते हुए ,खाते हुए देखे जा सकते है ,यह है कोटा का अपनापन ,गुणवत्ता पर समय समय पर स्थानीय जिला प्रशासन द्वारा भी हमेशा औचक निरीक्षण किया जाता रहा है ,कहते है खाने की गुणवत्ता में पूरे भारत में कोटा शिक्षा नगरी से बेहतर कोई नहीं है यह यहाँ के पिछले कोचिंग स्टूडेंट जो खुद आज भारत ही नहीं विश्व के विभिन्न उच्च संस्थानों में पढ़ रहे है ,उनकी जुबानी है ,कोटा के खाने को ,यहाँ की हींग की कचौरी को , यहाँ के सर्किल में सवेरे शाम लगने वाले पोहे ,इमरती की स्टाल को स्टूडेंट हमेशा याद करते हैं ,जो कोटा नगरी की गुणवत्ता पूर्ण खान पान समेकित संस्कृति को उजागर करता है ।कई स्थानों पर छात्रों से व्यक्तिगत बातचीत, अभिभावकों को समय-समय पर जानकारी और आवश्यकता पड़ने पर काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाती रही है । यह केवल व्यवस्थागत सुधार नहीं, बल्कि मानसिक सुरक्षा का भरोसा है।
मानसिक स्वास्थ्य पर सजग पहल
बीते समय में जो चिंताएँ सामने आईं, उन्हें नज़रअंदाज़ नहीं किया गया। प्रशासन और शिक्षण समुदाय ने मिलकर ठोस कदम उठाए। अध्ययन के दबाव को संतुलित करने, नियमित संवाद और सहायता तंत्र को मजबूत करने की दिशा में प्रयास किए गए। इन प्रयासों का असर दिखाई भी दिया है। यह समझ विकसित हुई है कि परिणाम महत्वपूर्ण हैं, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण छात्र का जीवन और उसका मानसिक संतुलन है।शहर का संतुलित जीवन ।कोटा अब केवल किताबों का शहर नहीं रहा। यहाँ विकसित सिटी पार्क, सेवन वंडर्स पार्क, कर्णेश्वर महादेव ,गोदावरी धाम और चंबल रिवर फ्रंट ,खड़े गणेश जी मंदिर ,कई बेहतर हरे भरे उद्यान जैसे स्थान छात्रों को खुली हवा और मानसिक सुकून का अवसर देते हैं। पढ़ाई के बीच कुछ समय प्रकृति के साथ बिताना तनाव को कम करता है और ऊर्जा लौटाता है।
जनप्रतिनिधियों का विश्वास
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कई अवसरों पर कहा है कि कोटा देश की प्रतिभा निर्माण की प्रयोगशाला है और यहाँ का शैक्षणिक वातावरण लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा देता है।
इसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भारत की लघु काशी की संज्ञा के साथ परीक्षा के दबाव पर संवाद करते हुए छात्रों से संतुलन और आत्मविश्वास बनाए रखने की बात कही है। यह संदेश कोटा जैसे शहरों के लिए प्रेरक है, जहाँ मेहनत और उम्मीद साथ-साथ चलते हैं।
मीडिया और समाज की भूमिका
किसी भी शहर को एक ही दृष्टिकोण से देखना न्यायपूर्ण नहीं है। कोटा की कहानी केवल चुनौतियों की नहीं, बल्कि सुधार, सहयोग और सफलता की भी है। लाखों सफल विद्यार्थियों की मुस्कान, अभिभावकों का भरोसा और शिक्षकों की मेहनत इस शहर की असली पहचान हैं।
अभिभावकों के नाम एक विश्वास
यदि आप अपने बच्चे को कोटा भेजने का निर्णय ले रहे हैं, तो जानिए कि यह शहर केवल पढ़ाई नहीं सिखाता, बल्कि संस्कार,अनुशासन, आत्मनिर्भरता और जिम्मेदारी भी सिखाता है। यहाँ कोचिंग, स्कूल, होस्टल और प्रशासन मिलकर एक परिवार की तरह काम करते हैं।कोटा की आत्मा “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना से जुड़ी है। यहाँ हर छात्र किसी न किसी का अपना है। हर अभिभावक का सम्मान है।कोटा आज भी अपने द्वार खुले रखे खड़ा है,सम्मान, संवेदनशीलता और गरिमा के साथ। सपनों को आकार देने, आत्मविश्वास जगाने और उज्ज्वल भविष्य की राह दिखाने के लिए। यही इसकी असली पहचान है, और यही इसकी नई सकारात्मक इबारत।
रिपोर्टर : रमेश चन्द्र शर्मा

No Previous Comments found.