कोटा में 'नशे' की सनक: लैंडमार्क सिटी में कोचिंग छात्रों का खूनी तांडव, 4 NEET अभ्यर्थी घायल

कोटा :  कोटा कोचिंग सिटी कोटा अब 'क्राइम सिटी' की आहट से सहमने लगा है। कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के लैंडमार्क सिटी इलाके में गुरुवार शाम नशे में धुत कोचिंग छात्रों ने सरेराह 'खूनी खेल' खेला। शराब के नशे में चूर हमलावर छात्रों ने महज आधे घंटे के भीतर चाकूबाजी की दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम देकर 4 नीट (NEET) स्टूडेंट्स को घायल कर दिया। हमलावरों की सनक ऐसी थी कि उन्होंने बिना किसी जान-पहचान या विवाद के राह चलते छात्रों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए।


नशे में खोया होश: 'टारगेट' नहीं, बस सनक थी वजह
कुन्हाड़ी थाना SHO कौशल्या ने बताया कि वारदात शाम 7:30 से 8:00 बजे के बीच हुई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर और पीड़ित दोनों ही कोचिंग छात्र हैं और मुमकिन है कि एक ही संस्थान में पढ़ते हों, लेकिन उनके बीच कोई परिचय नहीं था। हमलावर नशे में इतने धुत थे कि वे सड़क पर जो भी छात्र मिला, उसे चाकू का 'कट' मारकर आगे बढ़ते गए। 700 से 800 मीटर की दूरी पर हुई इन दो घटनाओं ने पुलिस की गश्त पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं।


5-6 हमलावरों की तलाश, हॉस्टलों में दबिश

पीड़ित छात्रों की शिकायत पर पुलिस ने 5-6 अज्ञात छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की टीमें लैंडमार्क सिटी के चप्पे-चप्पे के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। संदिग्ध छात्रों की पहचान के लिए हॉस्टलों और मेस में भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

रिपोर्टर : सुरेश कुमार पटेरिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.