कोटा ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई; खेत से 21 किलो से ज्यादा अफीम जब्त, आरोपी गिरफ्तार ।

कोटा  : ग्रामीण पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अपना कड़ा रुख जारी रखते हुए अवैध अफीम की खेती पर सर्जिकल स्ट्राइक की है। जिला पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के निर्देशानुसार, सुकेत थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गेहूँ की फसल के बीच छिपाकर उगाए गए अफीम के 332 पौधे बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 21.440 किलोग्राम अवैध अफीम के पौधे जब्त किए हैं। शातिर दिमाग: फसल की आड़ में रची साजिश  पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि ग्राम माल झिलारा स्थित एक खेत में गेहूँ की फसल की आड़ में बड़े पैमाने पर अवैध अफीम उगाई जा रही है। थानाधिकारी महावीर प्रसाद के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जब खेत पर दबिश दी, तो वहां का नजारा देख पुलिस भी दंग रह गई। आरोपी ने चालाकी से गेहूं के बीच अफीम के पौधे लगा रखे थे ताकि किसी को शक न हो। आरोपी की पहचान और कार्रवाई पुलिस ने मौके से मांगीलाल (38), पुत्र हेमराज भील, निवासी बड़ी दिया आतरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी 332 पौधों को उखाड़कर उनका वजन किया, जो 21 किलो 440 ग्राम पाया गया। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इनकी रही विशेष भूमिका इस सफल ऑपरेशन में सुकेत थानाधिकारी महावीर प्रसाद, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश, कांस्टेबल नरेंद्र कुमार, निर्मल कुमार और विशाल कुमार की सराहनीय भूमिका रही।

रिपोर्टर : सुरेश कुमार पटेरिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.