होली की खुशियां मातम में बदली, नशे में दोस्त ही बना दोस्त का कातिल; पुलिस ने 48 घंटे में दबोचा

कोटा : बूढ़ादीत कोटा ग्रामीण की बूढ़ादीत थाना पुलिस ने क्षेत्र के चर्चित राकेश ऐरवाल हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महज 48 घंटों के भीतर की गई इस कार्रवाई ने पुलिस की सक्रियता पर मुहर लगा दी है। पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह शराब के नशे में हुआ मामूली विवाद था।

पुलिया के नीचे मिला था लहूलुहान शव
घटना 4 मार्च की है, जब पूरा कस्बा होली के जश्न में डूबा था। मृतक राकेश ऐरवाल सुबह रंग खेलने निकला था, लेकिन दोपहर तक वापस नहीं लौटा। तलाश करने पर उसका शव शराब के ठेके के पास पुलिया के नीचे लहूलुहान हालत में मिला। मृतक के भाई सोनू ऐरवाल ने सोनू गुर्जर के खिलाफ हत्या का संदेह जताते हुए मामला दर्ज कराया था।
ऐसे बिछाया पुलिस ने जाल
एसपी सुजीत शंकर के निर्देश पर थानाधिकारी (SHO) दीप्ति रानी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने साइबर सेल और मुखबिरों की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रैक की। आरोपी सोनू गुर्जर सुल्तानपुर की ओर भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे उम्मेदपुरा नहर के पास दबोच लिया।
खुलासा: शराब और झगड़े ने ली जान
पुलिस पूछताछ में आरोपी सोनू गुर्जर (34) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह और राकेश साथ बैठकर शराब पी रहे थे, तभी किसी पुरानी बात को लेकर उनके बीच गाली-गलौज और झगड़ा हो गया। तैश में आकर सोनू ने राकेश पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

रिपोर्टर : सुरेश कुमार पटेरिया

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.