खाकी का खौफ: 'ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग' में ढे़र हुआ बदमाश का गुरूर, अवैध पिस्टल के साथ दबोचा
कोटा : कैथून कोटा ग्रामीण पुलिस इन दिनों अपराधियों के लिए काल बनी हुई है। जिला पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर द्वारा चलाए जा रहे 'ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग' ने बदमाशों की रातों की नींद उड़ा दी है। इसी कड़ी में कैथून थाना पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए इलाके के एक आदतन अपराधी को अवैध हथियार के साथ सलाखों के पीछे पहुँचाया है।
श्मशान के पास बिछाया जाल, धरे गए 'महावीर'
पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि एक बदमाश अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी वारदात की फिराक में है। थानाधिकारी मनोज सिकरवार के नेतृत्व में विशेष टीम ने तत्काल घेराबंदी की। किशनपुरा पुलिया स्थित श्मशान घाट की बावड़ी के पास जब पुलिस ने संदिग्ध महावीर पुत्र रामनारायण बैरवा को रोका, तो उसकी हड़बड़ाहट ने सारा राज खोल दिया। जामा तलाशी में उसके पास से एक अवैध देशी पिस्टल बरामद की गई।
हिस्ट्रीशीटर के रिकॉर्ड ने चौंकाया
पकड़ा गया आरोपी महावीर (49) कोई नया खिलाड़ी नहीं है। पुलिस रिकॉर्ड के पन्ने बताते हैं कि उस पर हत्या के प्रयास (307 IPC) जैसे संगीन जुर्म दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की रडार पर था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि यह पिस्टल कहाँ से खरीदी गई थी और इसका इस्तेमाल कहाँ होने वाला था।
रिपोर्टर : सुरेश कुमार पटेरिया

No Previous Comments found.