वारदात से चंद कदम दूर थी मौत, आरके पुरम पुलिस ने घेराबंदी कर शातिर बदमाश के मंसूबों पर फेरा पानी

कोटा : कोटा शहर में दहशत फैलाने और एक बड़ी खूनी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे एक शातिर बदमाश को कोटा सिटी पुलिस ने अपनी मुस्तैदी से धर दबोचा है। पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम (IPS) के नेतृत्व में चलाए जा रहे 'अवैध हथियार धरपकड़ अभियान' के तहत आरके पुरम थाना पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने आरोपी के पास से दो अवैध देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक खाली कारतूस बरामद किया है।

'ऑपरेशन हंट': - मुखबिर की एक सूचना और खाकी का एक्शन शनिवार दोपहर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरके पुरम क्षेत्र स्थित एफसीआई (FCI) गोदाम के पीछे एक संदिग्ध युवक हथियारों से लैस होकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की ताक में है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी सिद्धार्थ श्रीवास्तव (IPS प्रो.) के नेतृत्व में एक विशेष 'स्ट्राइक टीम' का गठन किया गया। टीम ने बिना वक्त गंवाए इलाके को चारों तरफ से घेर लिया।

भागने की कोशिश हुई नाकाम, दबोचा गया हनुमान बस्ती का 'पवन'
पुलिस की घेराबंदी देख आरोपी प्रवीण कुमार उर्फ पवन (27 वर्ष), निवासी हनुमान कच्ची बस्ती ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसकी कमर से दो घातक देसी पिस्टल और जेब से जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी इन हथियारों का कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

रिपोर्टर : सुरेश कुमार पटेरिया

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.