कोटा पुलिस का 'ऑपरेशन मुस्कान': टोंक के निवाई से सुरक्षित रेस्क्यू की गई 15 वर्षीय लाडो
कोटा : शहर पुलिस ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि खाकी सिर्फ वर्दी नहीं, बल्कि आमजन का भरोसा है। शहर की मानव तस्करी विरोधी यूनिट (AHTU) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 18 मार्च से लापता 15 वर्षीय बालिका को टोंक जिले के निवाई क्षेत्र से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल एक परिवार उजड़ने से बच गया, बल्कि इलाके में पुलिस की कार्यप्रणाली की जमकर सराहना हो रही है।
तकनीकी जाल और मुखबिरों का साथ
पुलिस अधीक्षक (कोटा शहर) तेजस्वी गौतम के निर्देशन में बनी इस विशेष टीम ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों और जमीनी इंटेलिजेंस का बेहतरीन तालमेल बिठाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियति शर्मा और प्रभारी मीनाक्षी के नेतृत्व में टीम ने दिन-रात एक कर सुराग जुटाए। आखिरकार, पुख्ता सूचना मिली कि बालिका टोंक के ग्राम भरूटिया में है, जिसके बाद टीम ने फौरन दबिश देकर उसे सकुशल बरामद कर लिया।
इन जांबाजों ने निभाई अहम भूमिका इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के पीछे उप-निरीक्षक केशव सिंह, सहायक उप-निरीक्षक श्योजीराम, महिला कांस्टेबल मंजू और कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह की कड़ी मेहनत रही। बालिका को फिलहाल बोरखेड़ा थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया है, जहाँ आगामी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
"हमारा लक्ष्य हर लापता बच्चे को उसके परिवार से मिलाना है। टीम ने पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ इस कार्य को अंजाम दिया है।"
रिपोर्टर : सुरेश कुमार पटेरिया

No Previous Comments found.