'ऑपरेशन प्रहार': रानपुर में दहकती भट्ठियां जमींदोज, 350 लीटर अवैध शराब के साथ पीपे जब्त।
कोटा - खाकी का खौफ: खेतों में चल रहा था मौत का काला कारोबार, एसपी तेजस्वी गौतम के निर्देश पर रानपुर पुलिस की बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक। कोटा शहर में अवैध नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाते हुए एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। जिला पुलिस अधीक्षक (SP) तेजस्वी गौतम (IPS) के कड़े तेवरों के बाद,रानपुर थाना पुलिस ने रविवार को ग्राम कलाम का कुआं के बीहड़ खेतों में छापेमारी कर अवैध कच्ची हथकड़ शराब के बड़े नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। पुलिस ने मौके से 18 पीपे बरामद किए,जिनमें करीब 350 लीटर जहरीली कच्ची शराब भरी हुई थी। मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी जानकारी के अनुसार, थानाधिकारी वीरेन्द्र सिंह भाटी (RPS प्रोबेशनर) को गुप्त सूचना मिली थी कि रानपुर थाना इलाके के दूरदराज खेतों में अवैध शराब का निर्माण धड़ल्ले से चल रहा है। इस पर पुलिस टीम ने रणनीति बनाई और बिना किसी भनक के इलाके की घेराबंदी की। पुलिस की आहट मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
मौके पर जल रही थीं भट्ठियां, सैकड़ों लीटर 'वॉश' किया नष्ट जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो वहां नजारा हैरान करने वाला था। खेतों के बीचों-बीच दो बड़ी भट्ठियां धधक रही थीं और भारी मात्रा में शराब तैयार की जा रही थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए: मौके पर मौजूद दो चालू भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। शराब बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले सैकड़ों लीटर कच्चा माल (वॉश) मौके पर ही बहाकर नष्ट कर दिया। 18 कनस्तर (पीपे) बरामद किए, जिनमें तैयार शराब भरकर सप्लाई के लिए रखी गई थी।
टीम की जांबाजी और विशेष योगदान इस पूरी कार्यवाही को अंजाम देने में थानाधिकारी वीरेन्द्र सिंह भाटी के साथ बीट कांस्टेबल और अन्य पुलिसकर्मियों की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने इस सफल रेड के लिए पूरी टीम की पीठ थपथपाई है। विशेष रूप से कांस्टेबल योगेन्द्र (बेल्ट नं. 564) के योगदान की सराहना की गई है।
"अवैध शराब और नशे के खिलाफ हमारी मुहिम जारी रहेगी। शहर की शांति और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। रानपुर पुलिस की यह कार्यवाही माफियाओं के लिए एक सख्त चेतावनी है। — तेजस्वी गौतम, एसपी, कोटा शहर
संवाददाता - सुरेश कुमार पटेरिया
No Previous Comments found.