कोटा ग्रामीण पुलिस का 'ऑपरेशन रूट क्लियरेंस' सफल। 32 लाख का डोडा-चूरा जब्त, दो कारें बरामद।
कोटा : ग्रामीण मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कोटा ग्रामीण पुलिस ने बड़ी स्ट्राइक की है। जिला पुलिस अधीक्षक (SP) सुजीत शंकर के निर्देशन में चलाए गए 'ऑपरेशन रूट क्लियरेंस' के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाइयों में 213 किलो 720 ग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद करने में सफलता हासिल की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत करीब 32 लाख 06 हजार रुपये आंकी गई है।
नाकाबंदी तोड़ भागे तस्कर, पुलिस ने पीछा कर दबोचा माल
पहली बड़ी सफलता थाना मोडक और जिला स्पेशल टीम (DST) को मिली। मटवाड़ा गांव के पास नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध दिल्ली नंबर की कार (DL10CC4300) को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने नाकाबंदी तोड़ दी। पुलिस ने करीब 50 किलोमीटर तक पीछा किया, जिसके बाद तस्कर ढांड के पास अंधेरे का फायदा उठाकर गाड़ी छोड़कर जंगलों में भाग निकले। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 132 किलो 600 ग्राम डोडा-चूरा बरामद हुआ।
दूसरी कार्रवाई: चेचट पुलिस की सतर्कता से दूसरी खेप बरामद
इसी प्रकार दूसरी कार्रवाई थाना चेचट और DST टीम द्वारा की गई। दरा इंटरचेंज के पास नाकाबंदी के दौरान एमपी नंबर की एक क्रेटा कार (HR51BR7705) को रोकने का प्रयास किया गया। तस्करों ने गाड़ी को तेज रफ्तार में भगाया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दी। अंततः तस्कर भदौतिया धन्नालाल अहिर के खाल के पास गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। इस कार से 81 किलो 120 ग्राम अवैध मादक पदार्थ जब्त किया गया।
तस्करों की तलाश जारी, NDPS एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दोनों लग्जरी कारों को जब्त कर लिया है। थाना मोडक में आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस की टीमें फरार तस्करों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
रिपोर्टर : सुरेश कुमार पटेरिया

No Previous Comments found.