एक्सप्रेस-वे पर 'सिंघम' स्टाइल चेज: खाकी ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर दबोचे
कोटा : जालंधर के पति-पत्नी तस्कर लग्जरी स्कॉर्पियो से 12 लाख का नशा बरामद, 'ऑपरेशन रूट क्लीयरेंस' के तहत कोटा ग्रामीण पुलिस की बड़ी स्ट्राइक।
कोटा ग्रामीण नशे के सौदागरों के खिलाफ छिड़ी जंग में कोटा ग्रामीण पुलिस ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी का लोहा मनवाया है। 'ऑपरेशन रूट क्लीयरेंस' के तहत कार्रवाई करते हुए चेचट थाना पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर फिल्मी स्टाइल में घेराबंदी कर पंजाब के एक 'बंटी-बबली' जोड़े को गिरफ्तार किया है। लग्जरी स्कॉर्पियो कार में छिपाकर ले जाया जा रहा 78 किलो 90 ग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है।
हाई-स्पीड ड्रामा:- टनल की तरफ भाग रहे तस्करों को घेरा पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के निर्देशन में जिलेभर में तस्करों के खिलाफ सख्त नाकाबंदी की गई थी। गुरुवार को जब चेचट थानाधिकारी मदनलाल ढाका की टीम एक्सप्रेस-वे के इंटरचेंज पर तैनात थी, तभी एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो (PB 08 FK 8555) को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और टनल की ओर भागने लगा। खाकी ने दिलेरी दिखाते हुए अपनी सरकारी गाड़ियों से पीछा किया और चंद किलोमीटर के भीतर ही तस्करों को चारों तरफ से घेर लिया।
एमपी से पंजाब तक फैला था तस्करी का जाल
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुरपाल (37) और उसकी पत्नी बीरो (50) निवासी जालंधर (पंजाब) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे नशे की यह बड़ी खेप मध्य प्रदेश के गरोठ से लेकर आ रहे थे और इसे जालंधर में सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब इस पूरे रूट के मुख्य सरगना और सप्लायरों की कुंडली खंगालने में जुट गई है।
संवाददाता : सुरेश कुमार पटेरिया
No Previous Comments found.