SP सुजीत शंकर का मंडाना व दीगोद थानों में 'सरप्राइज अटैक', खामियां देख अधिकारियों को दी सख्त हिदायत
कोटा : पुलिस महकमे में अनुशासन और कार्यकुशलता को परखने के लिए कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत शंकर पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। शनिवार (28 मार्च) को एसपी ने बिना किसी पूर्व सूचना के मंडाना और दीगोद थानों का औचक निरीक्षण (Surprise Inspection) किया। अचानक कप्तान को थाने में देख पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया।
हर शाखा की बारीकी से जांच
निरीक्षण के दौरान एसपी सुजीत शंकर ने थाने की तमाम शाखाओं, मालखाने, हवालात और रिकॉर्ड रूम का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने लंबित प्रकरणों की स्थिति जांची और फाइलों के रखरखाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
'जनता के साथ व्यवहार में न हो कोताही' एसपी ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को दो-टूक शब्दों में कहा कि थाने की दहलीज पर आने वाले हर पीड़ित (परिवर्दी) के साथ सम्मानजनक और मानवीय व्यवहार किया जाए। उन्होंने जोर देते हुए कहा, "पुलिस की छवि जनता के बीच उसके व्यवहार से बनती है, इसलिए अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निभाएं।"
स्वच्छता और सतर्कता पर जोर
थाना परिसर में साफ-सफाई की स्थिति देख एसपी ने विशेष निर्देश दिए कि कार्यस्थल को स्वच्छ और व्यवस्थित रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कर्तव्य में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस औचक कार्रवाई से जिले के अन्य थानों में भी खलबली मची हुई है।
रिपोर्टर : सुरेश कुमार पटेरिया

No Previous Comments found.