कोटा पुलिस की बड़ी कामयाबी: पिस्टल और कारतूस के साथ शातिर बदमाश 'सत्तू' दबोचा

कोटा :  अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में आर.के. पुरम थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक शातिर आरोपी को अवैध देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।


मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल थानाधिकारी सिद्धार्थ श्रीवास्तव (IPS प्रो.) ने बताया कि इलाके में गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि हाड़ी रानी सर्किल के पास एफसीआई गोदाम के पीछे एक संदिग्ध व्यक्ति हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे चारों तरफ से घेरकर धर दबोचा।


38 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपी की पहचान सत्यनारायण उर्फ सत्तू (38), निवासी हनुमान गांव ढाबा के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। हथियार के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश नहीं कर पाने पर पुलिस ने उसे आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।


इनकी रही मुख्य भूमिका
एसपी तेजस्वनी गौतम (IPS) के निर्देशन और एएसपी दिलीप सैनी व वृत्ताधिकारी मनीष शर्मा के सुपरविजन में हुई इस कार्रवाई में थानाधिकारी सिद्धार्थ श्रीवास्तव, एएसआई खेमचन्द, हेड कांस्टेबल रमन सिंह और कांस्टेबल साले मोहम्मद की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह हथियार कहाँ से लाया था और उसका अगला निशाना कौन था।

रिपोर्टर : सुरेश कुमार पटेरिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.