12 साल बाद कानून के शिकंजे में 'शातिर भगोड़ा', कोटा पुलिस ने UP से दबोचा
कोटा - शहर पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पिछले 12 वर्षों से फरार चल रहे शातिर अपराधी राकेश बावरिया को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी साल 2015 से लूट के एक मामले में पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था।
पहचान बदलकर काट रहा था फरारी
जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम (IPS) के निर्देशन में चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी राकेश बावरिया (निवासी शाम खोकसा, मुजफ्फरनगर) के खिलाफ थाना मकबरा में धारा 392, 411 और 34 IPC के तहत मामला दर्ज था। साल 2015 से ही वह फरार चल रहा था और अपनी पहचान व निवास स्थान लगातार बदल रहा था, जिससे उसे पकड़ना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था।
ऐसे बिछाया जाल
थानाधिकारी लईक अहमद के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी का पीछा किया। टीम ने अंततः मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) में घेराबंदी कर शातिर भगोड़े को धर दबोचा। इस सफल ऑपरेशन में हेड कांस्टेबल राजेन्द्र मीणा और कांस्टेबल इरफान कालि की मुख्य भूमिका रही।
No Previous Comments found.