मौके से ड्रग्स,मोबाइल और बाइक जब्त; अब बड़े नेटवर्क की तलाश।
कोटा - शहर में नशे के काले कारोबार को जड़ से मिटाने के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन गरुड़व्यूह' के तहत पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम (IPS) के कड़े तेवरों के बीच विज्ञान नगर थाना पुलिस ने शनिवार को एक शातिर ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने 3 ग्राम कीमती मादक पदार्थ एमडी (मेफेड्रोन) बरामद किया है।
तालाब के पीछे बिछाया जाल,भागने का मौका नहीं मिला
पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि विज्ञान नगर इलाके में एमडी ड्रग्स की सप्लाई होने वाली है। सूचना मिलते ही थानाधिकारी मुकेश कुमार मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने छत्रपुरा तालाब के पीछे सुनसान इलाके में जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी रेहान उर्फ मोहम्मद रेहानउद्दीन (20) अपनी बाइक से वहाँ पहुँचा, पुलिस टीम ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
बाइक और मोबाइल जब्त, खंगाले जा रहे हैं 'कांटेक्ट्स'
पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल और आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। पुलिस अब रेहान के मोबाइल की कॉल डिटेल्स और चैट खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह नशा कहाँ से लाता था और शहर के किन-किन युवाओं को इसे परोस रहा था।
इन जांबाज पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक मुकेश कुमार के साथ सुमेर सिंह, रूपसिंह, झाबरमल और नरेन्द्र जैसे तेज-तर्रार जवान शामिल थे। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। "शहर के युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। 'ऑपरेशन गरुड़व्यूह' लगातार जारी रहेगा।"
रिपोर्टर - सुरेश कुमार पटेरिया


No Previous Comments found.