पुलिस का बड़ा प्रहार: खाकी के चक्रव्यूह में फंसा हिस्ट्रीशीटर 'गोलू', लोडेड कट्टे के साथ दबोचा
कोटा : मिशन 'क्लीन सिटी': एसपी तेजस्वनी गौतम के निर्देश पर सड़कों पर उतरी पुलिस; अजय आहूजा पार्क के पास घेराबंदी कर कुख्यात अपराधी के मंसूबे किए नाकाम।
कोटा शहर में अपराधियों और अवैध हथियारों के खिलाफ छेड़ी गई जंग में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जिला पुलिस अधीक्षक (SP) तेजस्वनी गौतम के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के तहत भीमगंजमण्डी थाना पुलिस ने इलाके के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद इमरान उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के पास से एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है, जिससे किसी बड़ी वारदात के टलने की आशंका जताई जा रही है।
फिल्मी स्टाइल में पीछा कर दबोचा
जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) दिलीप कुमार सैनी और डीएसपी डॉ. पुनम के सुपरविजन में बुधवार को पुलिस की एक विशेष टीम गश्त पर थी। माला रोड स्थित अजय आहूजा पार्क के पास जब पुलिस की गाड़ी पहुँची, तो एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर सकपका गया और तेज कदमों से भागने लगा। टीम ने बिना वक्त गंवाए घेराबंदी की और कुछ ही दूरी पर उसे दबोच लिया। जब तलाशी ली गई, तो अभियुक्त की कमर से एक अवैध देशी कट्टा और लोडेड कारतूस मिला।
दहशत का पर्याय है गोलू
गिरफ्तार अभियुक्त मोहम्मद इमरान उर्फ गोलू (31), निवासी नेहरू नगर, भीमगंजमण्डी थाने का घोषित हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गोलू पर पहले भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रही है कि गोलू यह हथियार कहाँ से लाया था और वह शहर में किस बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहा था।
सफलता के सूत्रधार
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में भीमगंजमण्डी थानाधिकारी रामकिशन गोदारा, एएसआई जनकराम, एएसआई सियाराम, कांस्टेबल प्रवीण (2004) और कांस्टेबल हेमंत (2127) शामिल रहे। टीम की इस मुस्तैदी की उच्चाधिकारियों ने प्रशंसा की है।
संवाददाता : सुरेश कुमार पटेरिया

No Previous Comments found.