फिल्मी स्टाइल में पीछा कर पकड़ी तस्करी की ब्रेज़ा कार; 155 किलो डोडा-चूरा जब्त, तस्कर फरार

कोटा : कोटा ग्रामीण पुलिस  थाना चेचट ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 'ऑपरेशन रूट क्लीयरेंस' के तहत तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर (IPS) के नेतृत्व में चेचट थाना पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा करते हुए एक लग्जरी ब्रेज़ा कार से 155 किलो 30 ग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत लगभग 23.5 लाख रुपये आंकी गई है।

हाईवे पर हाई-वोल्टेज ड्रामा
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दिल्ली-वड़ोदरा-मुंबई एक्सप्रेस-वे के रास्ते मादक पदार्थों की बड़ी सप्लाई होने वाली है। पुलिस ने जब नाकेबंदी के दौरान GJ10CN8242 नंबर की ब्रेज़ा कार को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा शुरू किया।

अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर फरार
तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए गाड़ी को कच्ची रास्तों और खेतों की ओर मोड़ दिया। अंत में मोड़क रोड पर एक आटा मिल के पास खुद को घिरा देख तस्कर चलती गाड़ी छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों में गायब हो गए। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में अवैध डोडा-चूरा भरा मिला।

एसपी सुजीत शंकर की चेतावनी पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। इस सफलता में थानाधिकारी मदन ढाका और उनकी टीम की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने कार और नशीला पदार्थ जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में सघन छापेमारी की जा रही है।

रिपोर्टर : सुरेश कुमार पटेरिया

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.