भाजपा प्रभारी के खिलाफ कोटा में 'नहले पे दहला', गंदे नाले पर फोटो लगा किया प्रदर्शन

कोटा : कोटा शहर मे राजस्थान की सियासत में 'शब्दों की मर्यादा' को लेकर छिड़ी जंग अब सड़कों पर आ गई है। एआईसीसी महासचिव और कांग्रेस के दिग्गज नेता सचिन पायलट पर भाजपा प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल द्वारा की गई विवादित टिप्पणी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उबाल ला दिया है। बुधवार को नेशनल कांग्रेस वर्कर्स कमेटी ने कोटा में एक अनोखा और उग्र प्रदर्शन कर भाजपा प्रभारी को आड़े हाथों लिया।

मर्यादा लांघी तो कोटा के सबसे गंदे नाले पर पहुंची 'जंग' प्रदेश अध्यक्ष व वरिष्ठ समाजसेवी आबिद खान और जिला अध्यक्ष नितिन गौतम के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने शहर के सबसे प्रदूषित 'साजी देहड़ा' नाले पर भाजपा प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल की फोटो लगाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ 'मुर्दाबाद' के नारे लगाए और स्पष्ट किया कि पायलट के खिलाफ कोई भी अमर्यादित टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

'सियासत में मतभेद मंजूर, मनभेद और बदजुबानी नहीं'
विरोध को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आबिद खान ने कहा, "राजनीति विचारों की लड़ाई है, लेकिन भाजपा प्रभारी ने अपनी घटिया और गंदी सोच से मर्यादाओं की सारी हदें पार कर दी हैं। किसी के व्यक्तित्व पर कीचड़ उछालना ओछी मानसिकता का प्रतीक है।" वहीं, जिला अध्यक्ष नितिन गौतम ने सचिन पायलट को कांग्रेस का 'महागुरु' बताते हुए कहा कि भाजपा प्रभारी को इस शर्मनाक बयान के लिए प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

कार्यकर्ताओं का जमावड़ा, नारेबाजी से गूंजा इलाका
प्रदर्शन के दौरान जिला महामंत्री संदीप पाल, जिला प्रभारी देवेंद्र सिंह हाडा, शाहरुख, नावेद, संजय, निखिल, अक्षय, साकिर भाई, उस्मान, सलमान, शाहरुख, आमिर, अजय, मिथुन, नारायण, अब्बास और आरिफ सहित भारी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि भाजपा नेताओं ने अपनी जुबान पर लगाम नहीं लगाई, तो यह आंदोलन प्रदेशव्यापी होगा।

संवाददाता : सुरेश कुमार पटेरिया

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.