बाम्हनी की बदहाल सड़क बनी ग्रामीणों के लिए मुसीबत, जिम्मेदारों की अनदेखी से बढ़ी परेशानी
कुंदम - कुंडेश्वर धाम कुंडम कुंडेश्वर धाम कुंडम के अंतर्गत ग्राम बाम्हनी में सड़क की बदहाल स्थिति ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और उबड़-खाबड़ रास्ते होने के कारण ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत लंबे समय से खराब है, लेकिन इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। बारिश के दिनों में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है,जिससे पैदल चलने वालों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी होती है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम से आने-जाने में होती है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार संबंधित जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित कराया गया,लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि बाम्हनी गांव की सड़क का जल्द निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और आवागमन सुचारु हो सके। अब देखना यह है कि ग्रामीणों की इस समस्या पर जिम्मेदार कब तक संज्ञान लेते हैं और सड़क की बदहाली से कब राहत मिलती है।
रिपोर्टर - सचिन झरिया
No Previous Comments found.