लापता दो नाबालिग बच्चों को 24 घंटे के भीतर सकुशल ढूंढकर माता-पिता के सुपुर्द किया

कुर्डुवाड़ी - पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए लापता हुए दो नाबालिग बच्चों को मात्र 24 घंटे के भीतर सकुशल खोज निकालकर उनके माता-पिता के सुपुर्द किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेंद्र सुरजित मिल (उम्र 40 वर्ष, निवासी हिंगसोल, तहसील श्रीपुर, जिला सोलापुर) मजदूरी के लिए अपनी पत्नी व बच्चों के साथ भोसरे, तहसील माढा में रह रहे थे। 19 सितंबर 2025 को दोपहर लगभग 12 बजे उनके दोनों बेटे अर्जुन उर्फ गट्ट्या राजेंद्र मिल विक्की राजेंद्र मिल कोपी गांव में पानी लाने के लिए गए थे, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटे। परिजनों द्वारा आसपास काफी खोजबीन करने के बावजूद बच्चों का कोई पता नहीं चला। इसके बाद 19 सितंबर 2025 को कुर्डुवाड़ी पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन किया। रेलवे स्टेशन कुर्डुवाड़ी,बस स्टैंड,शिवा स्टॉप सहित आसपास के इलाकों में सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई और संदिग्ध स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते दोनों नाबालिग बच्चे 20 सितंबर 2025 को करमाला चौक,कुर्डुवाड़ी (तहसील माढा) परिसर में सकुशल मिले। बच्चों को सुरक्षित रूप से उनके माता-पिता के हवाले कर दिया गया। इस पूरी कार्रवाई को सोलापुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक मा.श्री. अतुल कुलकर्णी,अपर पुलिस अधीक्षक मा.श्री. प्रीतम यादवकर के मार्गदर्शन में तथा करमाला उपविभाग के पुलिस अधिकारियों अंजना कृष्णा जी और कुर्डुवाड़ी पुलिस थाने की अतुल मोहिते जी और टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।कुर्डुवाड़ी पुलिस की इस तत्परता और मानवीय कार्यवाही की हर स्तर पर सराहना की जा रही है।

रिपोर्टर -  प्रभव शोभा चंद्रकांत काले 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.