बाइक सवार युवक की निर्मम हत्या,नहर किनारे झाड़ियों में मिला शव
कुशीनगर : सेवरही थाना क्षेत्र के मठिया भोकरिया गांव में बुधवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब चाफ नहर शाखा के किनारे झाड़ियों में खून से लथपथ एक 30वर्षीय युवक का शव को लोगों ने देखा। युवक के सिर,हाथ और पांव पर धारदार हथियार से बर्बरतापूर्वक वार किए गए थे, सिर में गोली मारे जाने की आशंका भी जताई जा रही है। मृतक की अपाची बाइक करीब एक किलोमीटर दूर धर्मपुर पर्वत गांव के पास झाड़ियों में मिली,आपाची गाड़ी मिलने से घटना और भी रहस्यमय हो गई। मौके पर एडिशनल एसपी,सीओ,फोरेंसिक व स्वाट टीम ने पहुंचकर बारीकी से जांच की।
बुधवार सुबह खेत जा रहें ग्रामीणों ने मठिया भोकरिया नहर पुलिया से करीब सौ मीटर पश्चिम सड़क पर खून और मांस के टुकड़े देखे तो शोर मचाया। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।इधर,धर्मपुर पर्वत में सड़क किनारे झाड़ियों में लावारिस हालत में खड़ी अपाची बाइक (संख्या यूपी 57 एएच 9426) मिली, जिसमें चाभी भी लगी थी। सूचना पर पहुंचे एसएचओ धीरेंद्र राय ने जांच शुरू की। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड और डीएल से मृतक की पहचान कसया थाना क्षेत्र के बतरडेरा निवासी अनिल यादव पुत्र बब्बन यादव के रूप में हुई। पुलिस की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की पुष्टि की। एडिशनल एसपी निवेश कटियार,सीओ राकेश प्रताप सिंह,स्वाट प्रभारी इंस्पेक्टर आशुतोष सिंह,एसआई आलोक यादव व फोरेंसिक टीम प्रभारी श्रीप्रकाश भी मौके पर पहुंचे और गहन छानबीन की।मृतक के गांव से आए ग्रामीणों ने बताया कि अनिल यादव अपने माता-पिता,भाभी व भतीजा-भतीजियों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी निभा रहा था। पहले वह एक राजस्वकर्मी का प्राइवेट मुंशी था, बाद में एलपीजी गैस कंटेनर चलाने लगा था। सोमवार को ही वह घर आया था मंगलवार शाम साढ़े सात बजे खाना खाते समय फोन आने पर 'अर्जेंट कॉल' बताकर वह घर से निकला था,जिसके बाद बुधवार सुबह उसकी हत्या की खबर मिली।सीओ राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद गोली मारने समेत अन्य तथ्यों की पुष्टि होगी।जल्द ही इस हत्याकांड का पर्दाफाश किया जाएगा। हत्या के तरीके,बाइक की लावारिस स्थिति और अचानक फोन कॉल की कड़ी ने पूरे मामले को और रहस्यमय बना दिया है। पुलिस हर पहलु की गहन जांच में जुटी है। मृतक ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ने की तैयारी में था।
रिपोर्टर : सुरेन्द्र प्रसाद गोंड
No Previous Comments found.