विद्यालय स्तरीय गणित ओलंपियाड परीक्षा संपन्न, कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों ने दी परीक्षा

कुशीनगर - तमकुहीराज दुदही ब्लाक के 61 व सेवरही के 49 सहित 110 विद्यालयों में आयोजित हुई परीक्षा प्रतियोगिता से बढ़ेगी बच्चों की गणितीय अवधारणाओं की समझ : बीईओ। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के परिप्रेक्ष्य में गणित विषय को व्यवहारिक और रोचक बनाने के उद्देश्य से बीईओ डा.प्रभातचंद राय के निर्देशन में दुदही विकास खंड के 61 व सेवरही के 49 उच्च प्राथमिक एवं कम्पोजिट विद्यालयों में विद्यालय स्तरीय गणित ओलंपियाड परीक्षा आयोजित हुई। प्रतियोगिता में कक्षा 6,7 व 8 के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विद्यालय स्तर पर चयनित छात्र ब्लाक स्तर की परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा के निरीक्षण के दौरान बीईओ डा. प्रभातचंद राय ने कहा कि गणित ओलंपियाड बच्चों में गणित की विभिन्न अवधारणाओं को समझने और उन्हें दैनिक जीवन में प्रयोग करने की क्षमता विकसित करता है। इससे विद्यार्थियों में तार्किक सोच और समस्या समाधान की योग्यता मजबूत होती है। उन्होंने बताया कि विद्यालय स्तर पर प्रत्येक विद्यालय से दो प्रतिभागी चुने जाएंगे और फिर ब्लॉक स्तर पर प्रतियोगिता में 10 छात्रों का चयन किया जाएगा। ब्लाक स्तर से चयनित प्रतिभागी जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे, जहां अंततः पांच प्रतिभागियों का अंतिम चयन किया जाएगा। इस क्रम में पीएमश्री विद्यालय पडरौन मंडुरही मे निरीक्षण के दौरान एआरपी गणित धर्मेंद्र यादव ने कहा कि यह प्रतियोगिता बच्चों की गणित विषय के प्रति रूचि बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि जब बच्चे गणित को खेल और प्रयोग की तरह लेंगे तो यह विषय कठिन न होकर रोचक प्रतीत होगा। इस दौरान प्राशिसं के अध्यक्ष अरुणेंद्र राय,सुनील कुमार, शिवशंकर तिवारी,रजीत सिंह, मोहन वर्मा,संध्या यादव,माधुरी यादव आदि शिक्षक मौजूद रहे।

रिपोर्टर - सुरेन्द्र प्रसाद गोंड

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.