एस पी पब्लिक स्कूल का स्थापना दिवस धूमधाम से सम्पन्न
कुशीनगर : तमकुहीराज गुरवालिया बाजार स्थित एस पी पब्लिक स्कूल का स्थापना दिवस गुरुवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। मुख्य अतिथि नित्यानंद किशले औषधि नियंत्रक बिहार ने कहा कि विद्यालय ने दस वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, अनुशासन और मानवीय मूल्यों को जो दिशा दी है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि “दस वर्ष : सीख, नेतृत्व और विरासत” विषय विद्यालय की प्रेरक यात्रा को दर्शाता है। विद्यालय के संरक्षक व राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. शक्ति प्रकाश पाठक ने स्थापना दिवस को उस सपने का उत्सव बताया जिसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखकर शुरू किया गया था। उन्होंने कहा कि विद्यालय आने वाले समय में भी बच्चों को ऐसी शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है, जो उन्हें उत्तम इंसान बनने में मदद करे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं जिन पर उपस्थित लोगों ने तालियाँ बजाकर उत्साह बढ़ाया। स्थापना दिवस का मुख्य आकर्षण रहा विद्यालय में कौशल केंद्र शुरू करने की घोषणा, जो बच्चों की रचनात्मकता और व्यवहारिक सीख को प्रोत्साहित करेगा। स्थापना दिवस समारोह के दौरान डायरेक्टर आदित्य विशाल पाठक, ट्रस्टी नवेंदु शेखर, प्रधानाचार्य विनीत मणि त्रिपाठी, मंच संचालक इमरान अंसारी, तथा संदीप सिंह, अमर गिरी, राज कपूर, गौरी तिवारी, प्रियंका जायसवाल, रियाज अंसारी सहित शिक्षक-कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : सुरेन्द्र प्रसाद गोंड

No Previous Comments found.