दो घरों से लाखों के जेवरात चोरी, तीसरे घर मे चोरी का प्रयास
कुशीनगर : कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के पड़री गांव में शनिवार की रात चोरों ने ऐसा तांडव मचाया कि पूरा गांव दहशत में है। एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों के गिरोह ने दो घरों से लाखों रुपये के जेवरात और सामान पर हाथ साफ कर दिया जबकि तीसरे घर में चोरी का प्रयास ग्रामीणों के जाग जाने पर नाकाम हो गया। वारदात को अंजाम देते समय चोरों ने आसपास के कई घरों की कुंडी बाहर से बंद कर दी जिससे पूरे ग्रामीण भयभीत और आक्रोशित हैं। प्राप्त जानकारियों के अनुसार पड़री गांव निवासी रघुनाथ प्रसाद के घर में रात के अंधेरे में चोर घुस आए और एक बड़ा बक्सा उठा ले गए। बक्से को गेहूं के खेत में तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात, कीमती कपड़े और अन्य बहुमूल्य सामान गायब कर दिया। परिवार के मुताबिक चोरी गई सामग्री की कीमत लाखों में है।
इसी तरह विश्वनाथ प्रसाद के घर को भी चोरों ने निशाना बनाते हुए बक्सा उठा ले गए, जिसमें कपड़े और घरेलू सामान था।
बगल के कमलाकांत चौबे के घर में घुसने का भी प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों की आहट पाकर चोर भाग निकले।
वारदात की जानकारी मिलते ही कुबेरस्थान पुलिस व फॉरेंसिक टीम गांव पहुंची और मौके से कई नमूने एकत्र किए। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की सक्रियता केवल कागजों में दिख रही है, जमीन पर नहीं।
ग्रामीणों के अनुसार घटना की सुबह ही ग्राम प्रधान की मौजूदगी में पीड़ित परिवारों ने थाने में तहरीर दे दी थी, परंतु पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
वहीं थानाध्यक्ष कुबेरस्थान का कहना है कि तहरीर अभी प्राप्त नहीं हुई है,प्राप्त होने पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के इस बयान से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि चोरी की इतनी बड़ी घटना के बाद भी पुलिस की उदासीनता से चोरों के हौसले और बुलंद हो रहे हैं। पीड़ित परिवारों का यह भी आरोप है कि गांव में रात में गश्त तक नहीं होती जिसके कारण चोरों को खुलेआम वारदात करने का मौका मिल गया।
रिपोर्टर : सुरेन्द्र प्रसाद गोंड

No Previous Comments found.