लीगल ब्रिज एसोसिएट्स एवं APCR के प्रयास से बंदी रिहा, जेल प्रशासन ने किया सम्मान
गोरखपुर। गोरखपुर में सामाजिक न्याय और मानवीय संवेदनाओं की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए ’’लीगल ब्रिज एसोसिएट्स’’ एवं ’’एसोसिएशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ सिविल राइट्स (APCR)’’ के संयुक्त तत्वावधान में आज जिला कारागार, गोरखपुर से एक बंदी वकील पुत्र राजकुमार, निवासी महाराजगंज को विधिक सहायता प्रदान कर रिहा कराया गया।
इस अवसर पर ’’लीगल ब्रिज एसोसिएट्स’’ के संस्थापक एडवोकेट मोहम्मद राफे तथा APCR के जिला प्रतिनिधि एडवोकेट अनवार आलम के साथ एडवोकेट मो. तय्यब अंसारी एवं एडवोकेट नूर आलम उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जेल प्रशासन की ओर से जेल अधीक्षक डी. के. पाण्डेय एवं जेलर ए. के. कुशवाहा ने संस्था द्वारा किए जा रहे जनहितकारी कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जेल प्रशासन द्वारा संस्था को प्रशस्ति-पत्र भी प्रदान किया गया, जो उनके उत्कृष्ट कार्यों की आधिकारिक सराहना का प्रतीक है।
यह पहल न केवल जरूरतमंदों को न्याय दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज में पुनर्वास और मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करती है। अंत में, जेल प्रशासन एवं उपस्थित अधिवक्ताओं ने इस प्रकार के सेवा-कार्य को भविष्य में और व्यापक स्तर पर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
रिपोर्टर, राशिद बिल्लाह

No Previous Comments found.